हरियाणा यूथ कांग्रेस में निष्क्रिय पदाधिकारियों को घर बैठाया, असरदार नेताओं नहीं चली
रणघोष खास. हरियाणा से
एक लंबे समय बाद कांग्रेस संगठन में करंट नजर आया। हरियाणा यूथ कांग्रेस में निष्क्रिय पदाधिकारियों को सस्पेंड कर दिया गया है। इसमें रेवाड़ी- महेंद्र्गढ़ एवं दादरी जिले के तीनों प्रधान शामिल है। रेवाड़ी के प्रधान रजनीकांत यादव पूर्व मंत्री कप्तान अजय सिंह यादव एवं विधायक चिंरजीव राव खेमें से आते हैं। ऐसे में कप्तान के लिए पार्टी के भीतर यह छोटा सा झटका जोर सा असर करेगा।
इंडियन यूथ कांग्रेस की तरफ से हरियाणा यूथ कांग्रेस में निष्क्रिय साबित हुए जिन पदाधिकारियों को हटाया गया है उसमें दादरी जिला अध्यक्ष अरूण दहिया, महेंद्रगढ़ जिला अध्यक्ष अमित यादव एवं रेवाड़ी जिला के अध्यक्ष रजनीकांत यादव शामिल है। इसी तरह प्रदेश महासचिव की सूची में देवेंद्र लक्की, मनप्रीत सिंह चीमा, नवीन कुमार, सोनू कुमार, राजेंद्र सिंह, अकुंश जैन, मुफीद खान, मनीषा धनखड़ शामिल है। प्रदेश सचिव में यशवीर सिंह सांगवान, गुरुटेक सिंह, दीपक देशवाल, नीरज ढांडा, मोहित गोदारा, रविंद्र चांदला, अंग्रिज सिंह एवं विधानसभा अध्यक्ष में अंबाला कैंट से बहादुर सिंह, गुरुग्राम से दीपक यादव, आदमपुर से राजेश जाखड़, नालवा से संदीप इंदौरा, फिरोजपुर झिरका से शाहरूख खान, कालका से आदित्य शर्मा, नांगल चौधरी से देवेंद्र चौधरी को उनके पदों से हटा दिया गया है।
कांग्रेस के इस एक्शन में असरदार नेताओं की नहीं चली
आमतौर पर जिला एवं विधानसभा स्तर पर प्रभावशाली नेताओं के हस्तक्षेप के कारण कांग्रेस हाईकमान एक्शन लेने में कई बार पीछे हट जाती है। एक लंबे समय बाद लगा है कि पार्टी में जान डालने एवं समर्पित एवं जुझारू कार्यकर्ताओं का सम्मान करने के लिए असरदार नेताओं की मनमर्जी को रोकना जरूरी है। इसका असर रेवाड़ी जिले में रजनीकांत यादव को हटाकर पूर्व मंत्री कप्तान अजय सिंह यादव एवं चिरंजीव राव पर साफतौर से नजर आ रहा है। रजनीकांत एक दिन पहले ही विधायक चिरंजीव राव की तरफ से शुरू हुए हाथ से हाथ जोड़ो अभियान में साथ नजर आ रहे थे।