एशियन गेम्स 2023: शूटिंग में मिला देश को पहला गोल्ड

 भारतीय तिकड़ी ने विश्व रिकॉर्ड तोड़ रचा इतिहास


 रणघोष अपडेट. देशभर से 

भारत की शूटिंग टीम की तिकड़ी ने एशियन गेम्स 2023 के पटल से देशवासियों को स्वर्णिम तोहफ़ा दिया है। टीम इंडिया के दिव्यांश पंवार, रुद्राक्ष पाटिल और ऐश्वर्या तोमर ने सोमवार को पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल टीम शूटिंग स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता।

हांगझू में चल रहे एशियाई खेलों में उनके 1893.7 के प्रभावशाली स्कोर ने न केवल शीर्ष स्थान हासिल किया बल्कि विश्व रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। दरअसल, अगस्त 2023 में चीन के 1893.3 अंकों के विश्व रिकॉर्ड को भारतीय टीम तोड़ने में कामयाब रही।

बता दें कि दक्षिण कोरिया को कुल 1890.1 अंकों के साथ रजत पदक मिला जबकि चीन 1888.2 अंकों के साथ कांस्य पदक हासिल करने में काफी पीछे रह गया। गौरतलब है कि एशियाई खेलों 2023 में यह भारत का पहला स्वर्ण है।

भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) मीडिया ने ट्वीट किया, “शूटिंग में शीर्ष पर भारत। दिव्यांश पंवार, रुद्राक्ष पाटिल और ऐश्वर्या प्रताप तोमर ने एशियाई खेल 2023 में 10 मीटर एयर राइफल पुरुष टीम स्पर्धा में भारत के लिए पहला स्वर्ण पदक हासिल किया।”

“उनकी सटीकता और टीम वर्क बिल्कुल बेजोड़ है। आइए इस सुनहरे पल का जश्न मनाएं। हमारे शूटिंग सितारों पर बहुत गर्व है, आइए भारतीय टीमों और सभी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करें और उनकी उल्लेखनीय उपलब्धि का जश्न मनाएं।”

निशानेबाज ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर ने सोमवार को हांगझू में चल रहे एशियाई खेलों में पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल व्यक्तिगत फाइनल में कांस्य पदक भी हासिल किया। वह कुल 228.8 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे। स्वर्ण पदक चीन के लिहाओ शेंग (253.3 अंक) को मिला जबकि रजत पदक दक्षिण कोरिया के हाजुन पार्क (251.3 अंक) को मिला।

भारत ने मौजूदा एशियाई खेलों में अब तक नौ पदक जीते हैं, जिसमें एक स्वर्ण, तीन रजत और पांच कांस्य शामिल हैं।

एशियाई खेलों हांग्जो में शूटिंग स्पर्धाएं 24 सितंबर से 1 अक्टूबर तक आयोजित की जाएंगी। फूयांग यिनहु स्पोर्ट्स सेंटर में राइफल, पिस्टल और शॉटगन श्रेणियों में कुल 33 पदक स्पर्धाएं होंगी। ओलंपियन मनु भाकर और पूर्व विश्व चैंपियन रुद्राक्ष 33 सदस्यीय भारतीय दल के कुछ सितारे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

%d bloggers like this: