मंडी से गुजर रही नहर को अंडरग्राऊंड कर ऊपर बनेगी सडक़
कनीना में जल्द ही बाईपास का विकल्प मिलेगा। इस कार्य के पूरा होने के बाद वाहन चालकों को आसानी होगी। नगर पालिका कनीना के चेयरमैन सतीश जेलदार ने बताया कि नगर के विकास को लेकर विधायक सीताराम यादव के साथ मंथन हुआ है। जिसके चलते कुछ बड़े प्रोजेक्ट पर काम शुरू होने की सहमति बनी है। उन्होंने बताया कि अटेली रोड़ से रेवाड़ी रोड़ को लिंक कर रहे रजवाये को अंडर ग्राऊंड कर उसके ऊपर से सडक़ मार्ग तैयार किया जायेगा। जिसकी चौड़ाई लगभग 48 फुट होगी। इस कार्य के लिये प्रदेश सरकार की ओर से जल्द ही बजट अलाट होने की संभावना है। कार्य पूरा होन के बाद वाहन चालकों को बाईपास का विकल्प मिलेगा। वर्तमान समय में कनीना–महेंद्रगढ व रेवाड़ी के लिये एक ही मार्ग है जहां वाहनों की अधिकता रहने से सामान्यतया सडक़ जाम की स्थिति बनी रहती है। इसके अलावा उप नागरिक अस्पताल से लेकर मंडी गेट तक सडक़ निर्माण किया जायेगा। ये सडक़ किसानों के अलावा मंडी एवं ककराला, रामबास, ढाणा, ईसराना, निमोठ, डहिना आदि के ग्रामीणों के लिए वरदान साबित होगी। खंडित हो चुकी सडक़ से अनेकों वाहन गुजर रहे हैं। गुरुवार से सरसों की खरीद शुरू होने पर किसानों के वाहन भी आने लगे हैं। उपरोक्त दोनों प्रोजेक्ट पर करीब 5 करोड़ रूपये लागत की उम्मीद है। सतीश जेलदार ने कहा कि विधायक सीताराम यादव की ओर से इस बारे में पहले ही मुख्यमंत्री के समक्ष ये कार्य रखे गये हैं। जिन पर बजट अलाट होते ही कार्य शुरू कर दिया जायेगा। सडक़ निर्माण होने के बाद वाहन चालकों को सडक़ जाम से मुक्ति मिलेगी।