संयुक्त किसान मोर्चा द्वारा दिल्ली के टिकरी बॉर्डर पर चलाये जा रहे धरने में भाग लेने के लिये उपमंडल के गांव पांडवान से महिलाओं के एक जत्थे ने पूर्व सरपंच निर्मला देवी की अगुवाई में कुच किया। दिल्ली चलने से पहले महिलाओं ने हाथी पार्क के सामने सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। बाद में महिलाओं को लेकर निर्मला देवी खुद ट्रैक्टर चलाकर गई जिसे संयुक्त किसान मोर्चा कितलाना टोल के सदस्य राजू मान ने झंडी दिखाकर रवाना किया। राजू मान ने कहा कि संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर होने वाले हर आयोजन में महिलाएं जोरशोर से भाग ले रही हैं। चाहे महिला दिवस हो या किसान परेड हो, भारत बंद रहा हो या विभिन्न टोलों के साथ दिल्ली के बॉर्डर पर चल रहे धरने हों हर मोड़ पर महिलाओं की उल्लेखनीय भागेदारी रही है। पूर्व सरपंच निर्मला देवी ने कहा कि ये हमारे भविष्य की लड़ाई है जब तक तीनों काले कानून रद्द नहीं होंगे हम पीछे नहीं हटेंगे। इनके साथ खाद्य सामग्री से भरा कैंटर लेकर सरपंच राजकरण भी गए हैं। महिला टीम में संतरों, बाला, रामरति, सुनीता, नीलम, पिंकी, सुमन, सुमित्रा, ओमली, संतरा, संतोष, कमला, रोशनी, सावित्री, प्रेमदेवी, मुन्नी, रेणु के साथ राजकरण पंच, बलजीत, सुरेन्द्र, राजीव, पवन, रामबीर, विजय, नवीन, रामनिवास भी शामिल हुए। इस मौके पर इनेलो नेता सत्यवान शास्त्री, अधिवक्ता संजीव तक्षक, वीरेंद्र डूडी, जयभगवान, धर्मेन्द्र घसोला भी मौजूद थे।