सिंघु बॉर्डर पर भारी हंगामा, किसानों और स्थानीय लोगों के बीच पत्थरबाजी, पुलिस ने किया लाठीचार्ज

दिल्ली के सिंघु बॉर्डर पर शुक्रवार को किसान प्रदर्शनकारियों और स्थानीय प्रदर्शनकारियों के बीच जमकर बवाल हुआ हुआ। दोनों गुटों के बीच पत्थरबाजी हुई और एक दूसरे पर हमला किया गया। स्थानीय प्रदर्शनकारी शुक्रवार सुबह से ही किसान आंदोलनकारियों के विरुद्ध प्रदर्शन कर रहे थे और हाईवे खाली करने की मांग की गई। इस दौरान किसानों के टैंट भी उखाड़े गए। हंगामा बढ़ने के बाद स्थिति को काबू में करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले दागे।इस दौरान अलीपुर थाने के एसएचओ प्रदीप पालीवाल घायल हो गए। इस झड़प में कुछ किसान भी घायल हुए हैं।

अपने आपको स्थानीय निवासी बता रहा लोगों का समूह सिंघु बाॅर्डर पर जमा हुआ और बाॅर्डर को खाली करने की मांग की। जानकारी के अनुसार दोनों गुटों में जारी संघर्ष और पत्थरबाजी के दौरान पुलिस ने भी लाठीचार्ज किया और प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया गया। हालांकि, इस बवाल के बीच कई लोगों और पुलिसकर्मियों के घायल होने की खबर है। बता दें कि शुक्रवार की दोपहर तक यहां बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स की तैनाती थी, मगर कुछ 200 के लगभग लोग यहां पहुंचे और पत्थरबाजी की और किसानों के टेंट उखाड़े। हालात बिगड़ने के बाद पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े और किसानों ने शांति बनाने की अपील की है। अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि इतने लोगों की भीड़ प्रदर्शनस्थल तक कैसे पहुंची है। गौरतलब है कि कल यानी गुरुवार को भी स्थानीय लोगों ने सिंघु बॉर्डर पर धरने के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया था। हालांकि कल पुलिस ने इनको वहां से खदेड़ दिया था।