डंके की चोट पर : जनता की गारंटी ही मोदी है तो बाकि नेता क्या कर रहे हैं ?

Pardeep ji logoरणघोष खास. प्रदीप हरीश नारायण

2024 के लोकसभा चुनाव में हरियाणा भाजपा मोदी गांरटी के फार्मूले पर मैदान में उतरने जा रही है। शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रेवाड़ी की जमीन पर एम्स शिलान्यास के साथ मोदी गांरटी का मंत्र भी जनता को दे दिया। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि मोदी ही जनता की गारंटी है तो बाकि नेता क्या कर रहे हैं। पीएम मोदी आगमन से एक दिन पहले दैनिक रणघोष ने अपने लेख में प्रमुखता के साथ यह उल्लेख कर दिया था कि वे रेवाड़ी की माटी से हरियाणा को मोदी गांरटी देकर जाएंगे। लेख में यह इशारा भी किया कि वे रेवाड़ी से खास रिश्ता रखते हैँ का जिक्र भी करेंगे। जनता से सीधा संवाद कर तीसरी बार मोदी सरकार का आशीर्वाद जरूर लेंगे। विकास की परियोजनाओं को विस्तार से रखेंगे। हुआ भी यही। लेख का सारांश व मोदी का भाषण एक दूसरे से मिलता नजर आया।

  एम्स रैली में पीएम मोदी को लेकर जबरदस्त क्रेज नजर आया। भीड़ की तादाद इस नेता के लिए कोई मायने नहीं रखती। नजरें उनके भाषण से निकले शब्दों पर थी। उन्होंने यहां से सांसद केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह को पूरा वजन दिया तो अपने अंदाज से जनता से सीधा संवाद कर यह भी बता दिया कि मोदी है तो मुमकिन है। मंच पर सीएम मनोहरलाल व केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह को ही अपनी बात कहने का मौका मिला वो भी नपा तुला। मोदी ने पूरा समय लेते हुए 2014 से आज तक का रिपोर्ट कार्ड रखा। उनका अंदाज साफ बता रहा था कि जनता व मोदी के बीच में जो नजर आ रहा है वह महज औपचारिकता है। इसलिए पंडाल मोदी के नाम पर गूंजता रहा तो नेताओं का भाषण भी मोदी से शुरू होकर मोदी पर खत्म हुआ। ऐसा लग रहा था कि भाजपा पूरी तरह से मोदी में समा चुकी है। कमल मोदी के व्यक्तित्व में ही खिलखिला रहा है। मोदी का एक एक शब्द, अंदाज, चाल, नजरें सबकुछ तो चौतरफा मोदीमय नजर रही थी। रैली में पूरे समय ऐसा लग रहा था कि जनता मोदी के लिए आई है ओर मोदी जनता के लिए। कुल मिलाकर आने वाले दिनों में हरियाणा की सभी 10 सीटों पर भाजपा मोदी गारंटी पर ही दांव खेलने जा रही है। पिछले दिनों राजस्थान, छत्तीसगढ़ एवं मध्यप्रदेश में यह प्रयोग सफल रहा है। मोदी गारंटी एक तरह से भाजपा में टिकट को लेकर मचने वाले घमासान को खतम करना भी है ताकि  टिकट के दावेदारों में समय रहते यह कड़ा संदेश चला जाए की जीत मोदी की गारंटी पर मिल रही है।