जम्मू-कश्मीर व हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी से उत्तर भारत में बढ़ी ठंड

उत्तर भारत के कई हिस्सों में ठंड बढ़ गई है। जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में मंगलवार को ताजा बर्फबारी हुई, जिससे राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा, समेत पूरे उत्तर भारत में ठंड बढ़ गई है।

हिमाचल प्रदेश में ऊंचाई वाले कई क्षेत्रों में पिछले 24 घंटों में ताजा बर्फबारी हुई। शिमला मौसम विभाग केंद्र के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि कल्पा में 9.6 सेंटीमीटर, खादराला में छह सेंटीमीटर, केलांग में तीन सेंटीमीटर और शिल्लारी में एक सेंटीमीटर हिमपात हुआ। उन्होंने बताया कि इसके अलावा मनाली, निचार, भरमौर, जुब्बल, वांगटू और सियोबाग समेत कई हिस्सों में मंगलवार को हल्की वर्षा हुई।

मनमोहन सिंह ने बताया कि इस बीच लाहौल एवं स्पीति के प्रशासनिक केंद्र केलांग में पारा शून्य से 2.7 डिग्री सेल्सियस नीचे चले जाने के साथ यह राज्य में सबसे ठंडा स्थान रहा। उनके अनुसार किन्नौर के कल्पा में तापमान शून्य से 1.6 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। उन्होंने बताया कि डलहौजी, मनाली और कुफरी में क्रमश: 0.9, 1.2 और 2.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान था। शिमला में पारा 6.3 डिग्री तक लुढ़क गया।

कश्मीर के कई हिस्सों में मंगलवार को लगातार दूसरे दिन हिमपात एवं बारिश हुई। मौसम विभाग ने कहा है कि बारिश एवं हिमपात के जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने बताया कि पिछले 36 घंटों में घाटी के ऊंचाई वाले स्थानों पर मध्यम से भारी हिमपात हुआ है और मैदानी इलाकों में हल्का हिमपात एवं बारिश हुई है। विभाग ने बताया कि मंगलवार को कई स्थानों पर हिमपात एवं बारिश जारी रहने की संभावना है।

दिल्ली में इस समय हवा हिमपात वाले इलाके से आ रही है। इसके चलते दिल्ली के लोगों को सामान्य से ज्यादा सर्दी झेलनी पड़ रही है। सफदरजंग केन्द्र में न्यूनतम तापमान 6.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जो सामान्य से पांच डिग्री नीचे है। अधिकतम तापमान 25.1 डिग्री सेल्सियस रहा जो कि सामान्य से एक डिग्री नीचे है। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार से तापमान में तेजी से गिरावट की संभावना है।

राजस्थान में न्यूनतम तापमान में थोड़ी बढोतरी दर्ज की गई है और माउंट आबू में रात का तापमान 1.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चुरू व भीलवाड़ा में न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार डबोक में रात का न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस व चित्तौड़गढ़ में 9.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अन्य जिलों में यह 10 डिग्री सेल्सियस से 14.7 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में राज्य के कई जिलों में बादल छाए रहने व हल्की बारिश होने का अनुमान व्यक्त किया है।

हरियाणा और पंजाब में ज्यादातर जगहों पर मंगलवार को न्यूनतम तापमान में कुछ वृद्धि दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, दोनों राज्यों की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान मौसम के औसत से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक 12.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा के अंबाला में न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री ऊपर 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, पंजाब के अमृतसर में न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो मौसम के सामान्य औसत से सात डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *