कोविड-19 संक्रमण के 41,322 नए मामले, अब तक कुल 1,36,200 की मौत

कोरोना से देश और दुनिया बेहाल हैं। कई देश तो इसके संक्रमण की बदतर स्थिति से जूझ रहे हैं। भारत में कोविड-19 संक्रमण के 41,322 नए मामलों के साथ कुल मामले 93,51,110 हो गए है। वहीं 485 नई मौतों के साथ मरने वालों का आंकड़ा 1,36,200 हो गया है। फिलहाल देश में 4,54,940 मामले सक्रिय हैं। पिछले 24 घंटे में 41,452 नई रिकवरी के साथ ठीक होने वालों की संख्या 87,59,969 हो गई है।

देश में कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच चिंता की बात यह है कि नये मामलों की तुलना में स्वस्थ लोगों की संख्या में कमी आने से रिकवरी दर में आंशिक गिरावट दर्ज की गई और यह 93.61 फीसदी रह गई है। देश में सक्रिय मामलों की दर 4.90 प्रतिशत जबकि मृत्यु दर भी महज 1.46 फीसदी पर बनी हुई है। कोरोना संक्रमण के मामले में भारत दुनियाभर में अमेरिका के बाद दूसरे स्थान पर है। अमेरिका में संक्रमितों की कुल संख्या करीब 1.28 करोड हो गई है। भारत हालांकि अमेरिका से अभी भी 38.86 लाख मामले पीछे चल रहा है।

शुक्रवार के आंकड़ों के अनुसार महाराष्ट्र कोराना के संक्रमित, सक्रिय और रिकवरी तीनों मामलों में शीर्ष पर है। पिछले 24 घंटों के दौरान संक्रमण  के 6,406 नये मामले सामने आने से संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 18 लाख के पार 18,02,365 पहुंच गई। इस महामारी से 4,815 और मरीजों के स्वस्थ होने से इससे निजात पाने वालों की संख्या 16,68,538 हो गई है और 65 और मरीजों की मौत होने से मृतकों का आंकड़ा 46,813 हो गया है। जबकि सक्रिय मामलों की संख्या बढ़ कर अब तक 85,963 पहुंच गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *