भ्रष्ट एलोपैथिक डॉक्टर राक्षस से भी बदतर: बीजेपी विधायक; रामदेव का किया समर्थन

एलोपैथिक पद्धति के ख़िलाफ़ बयान देकर डॉक्टर्स के निशाने पर आए योग गुरू रामदेव के समर्थन में बीजेपी की सरकार व नेता उतरने लगे हैं। हरियाणा की खट्टर सरकार ने कोरोना के मरीजों को रामदेव की 1 लाख किट बांटने का एलान किया तो यूपी के बलिया से बीजेपी विधायक सुरेंद्र सिंह ने भ्रष्ट एलोपैथिक डॉक्टर्स को राक्षस बताया है। बैरिया सीट से बीजेपी विधायक सुरेंद्र सिंह गुरूवार को अपने इलाक़े में पत्रकारों से बात कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा, “रामदेव का तर्क बिलकुल सही है और हमें आयुर्वेद की पद्धति को स्वीकार करना चाहिए और इससे भारत स्वस्थ और समर्थ बनेगा।” विधायक ने कहा, “मैं यह नहीं कहता कि एलोपैथ ख़राब है या उसमें काम नहीं है। लेकिन एलोपैथ के क्षेत्र में जांच चिकित्सकों ने राक्षस का रूप ले लिया है। मृतक को भी जीवित दिखाकर पैसा लेने की परंपरा जिस देश में चलती हो, आज के युग में ऐसे चिकित्सकों को पुराने सनातन धर्म के राक्षसों से भी बदतर कह सकते हैं। क्योंकि राक्षस भी मारने के बाद छोड़ देते थे लेकिन यदि मरे हुए व्यक्ति को भी आईसीयू में रखकर पैसा लेने का काम कोई चिकित्सक करता है तो मेरी समझ में वो राक्षस है, चिकित्सक नहीं है।”  हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि एलोपैथ के क्षेत्र में जो चिकित्सक ईमानदारी से सेवा कर रहे हैं, उनका हृदय से स्वागत करते हैं और सब लोग एक जैसे नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *