रणघोष की सीधी सपाट बात

दिल्ली पुलिस के सामने अपना काम कर गए कप्तान, जाति का कार्ड भी चला दिया


रणघोष अपडेट. रेवाड़ी. नई दिल्ली


दक्षिण हरियाणा में कांग्रेस के सीनियर नेता एवं कांग्रेस ओबीसी विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व मंत्री कप्तान अजय सिंह यादव बुधवार को दिल्ली में ईडी द्वारा लगातार तीसरे दिन राहुल गांधी से की जा रही पूछताछ के खिलाफ चल रहे प्रदर्शन में अपना सिक्का जमाने में कामयाब हो गए। इसे कप्तान की सफल रणनीति ही कहेंगे जिसमें वे कांग्रेस के समर्पित सिपाही होने का प्रमाण भी पेश कर गए साथ ही जाति का कार्ड खेल गए जिसकी जिम्मेदारी पहले ही पार्टी ने उन्हें दे रखी थी। कप्तान पुलिस से लगातार बहस करते हुए बार बार यदुवंशी होने की हुंकार भरते नजर आए। राजनीति में कप्तान ने कभी इस शब्दावली का प्रयोग नहीं किया। जाहिर है कि वे हाईकमान को जौ मैसेज देना चाहते थे उसमें वे काफी हद तक सफल हो गए।  प्रवर्तन निदेशालय द्वारा राहुल गांधी को लगातार तीसरे दिन भी बुलाया गया और दिल्ली पुलिस का भी कांग्रेस नेताओं को हिरासत में लेना जारी है। बुधवार को कांग्रेस ओबीसी विभाग के चेयरमैन कैप्टन अजय सिंह यादव को अपने दिल्ली स्थित कार्यालय तक नही जाने दिया। इस दौरान कैप्टन अजय सिंह यादव ने पुलिस से कहा कि एआईसीसी में कार्यालय में उनका जाने दिया जाए लेकिन दिल्ली पुलिस द्वारा नही जाने दिया। बल्कि धक्का मुक्की कर उनको बस में बैठा हिरासत में लिया गया। कप्तान ने कहा कि सरेआम लोकतंत्र की हत्या है और देश में अघोषित इमरजेंसी लगी हुई है। लेकिन मैं डरने वाला नही हूं मैं असली यदुवंशी हूं। यादव ने बताया कि भाजपा के इशारे पर दिल्ली पुलिस एआईसीसी कार्यालय में जाकर हमारे नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले रही है। देश में लोकतंत्र नाम की कोई चीज नही बची है आज के दिन कांग्रेस के लोग शांति पूर्वक तरीके से अपने कार्यालय तक नही जा सकती है, इतना ही नहीं कांग्रेसी नेताओं को घरों में ही गिरफ्तार कर लिया गया है। इस मौके पर उनके साथ ओबीसी विभाग के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी लाल सिंह यादव, ओबीसी विभाग के राष्ट्रीय महासचिव राहुल यादव, राष्ट्रीय प्रवक्ता राजेश यादव, जगमोहन यादव, स्टेट कोर्डिनेटर सतबीर पहलवान, व्यापार प्रकोष्ट के चेयरमैन पंकज डावर, स्टेट कोर्डिनेटर अमित यादव, किसान मोर्चा के राष्ट्रीय सचिव अरविंद खटाना, विकास यादव इत्यादि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *