हर घर तिरंगा , हर भारतीय का कार्यक्रम: राव इंद्रजीत

केंद्रीय मंत्री इंद्रजीत सिंह ने गुरुग्राम में किया तिरंगा पार्क का शुभारंभ


रणघोष  अपडेट. गुरुग्राम 

केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने शुक्रवार को गुरुग्राम के सिविल लाइन स्थित स्वतंत्रता सेनानी जिला परिषद हॉल परिसर में तिरंगा झंडे के इतिहास पर लगाई गई प्रदर्शनी तिरंगा पार्क का रिबन काटकर विधिवत शुभारंभ किया और कहा कि देश की आजादी के 75वें वर्ष में आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा श्हर घर तिरंगाश् अभियान मेरा या प्रशासन का कार्यक्रम नहीं , बल्कि हर भारतीय का कार्यक्रम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर हर भारतीय 13 से 15 अगस्त तक अपने घर में तिरंगा लगाए या घर के ऊपर तिरंगा अवश्य फहराए।

अंग्रेज गए तब भारत की जीडीपी मात्र 3 फीसद

उन्होंने कहा कि इस तिरंगा पार्क में हमारे राष्ट्रीय ध्वज के बारे में रोचक जानकारी दी गई है, जो यहां आने वाले दर्शकों को मिलेगी। उन्होंने कहा कि हर भारतीय को हमारे राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के महत्व को समझने की आवश्यकता है। तिरंगा हमें जोड़ता है और इस तिरंगे को ऊंचा रखने के लिए खेल के मैदान में खिलाड़ी अपना पूरा दमखम लगा देते हैं और देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले सैनिक इस झंडे के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर देते हैं। उन्होंने 1962 के रेजांगला युद्ध का भी उल्लेख किया और कहा कि उस जंग में 115 भारतीय सैनिकों ने मेजर शैतान सिंह के नेतृत्व में चीन की सेना का बहादुरी से मुकाबला किया। इन सैनिकों ने अपने प्राणों की बाजी लगाकर रेजांगला पोस्ट पर कब्जा कायम रखा और वहां पर भारतीय तिरंगा फहराया।

आज टेक्नोलॉजी में सबसे श्रेष्ठ भारतीय

राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि आजादी के 75 वर्ष के दौरान भारत ने इतनी उन्नति की है कि आज टेक्नोलॉजी में सबसे श्रेष्ठ भारतीय हैं। आज हम अंतरिक्ष में उपग्रह भेज रहे हैं और अपने ही नहीं बल्कि दूसरे देशों के उपग्रह भी भिजवा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से देश में टेक्नोलॉजी बढ़ रही है उससे लगता है कि अगले 25 वर्षों में जब भारत अपनी आजादी के 100 साल पूरे कर रहा होगा तो उस समय हम ब्रिटेन तथा अन्य विकसित देशों से भी आगे निकल जाएंगे।

75 बच्चो के संग जन्मदिन केक काटा  

राव ने हाल ही में संपन्न हुए 22वें राष्ट्रमंडल खेलों का जिक्र करते हुए कहा कि इन खेलों में भारत के खिलाड़ियों ने बर्मिंघम में बहुत सारे मेडल जीते हैं। उन्होंने कहा कि वे स्वयं एक खिलाड़ी रहे हैं इसलिए जानते हैं कि फॉरेन डिप्लोमेसी में जैसा काम विदेश सेवा के कर्मचारी करते हैं वैसा ही काम खिलाड़ी भी करते हैं।  तिरंगा पार्क में जिला के 75 बच्चों, जिनका जन्मदिन 15 अगस्त को पड़ता है, ने केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह की उपस्थिति में केक काटा और अपना जन्मदिन मनाया। राव ने इन सभी बच्चों को जन्मदिन की बधाई दी और कहा कि आप भाग्यशाली हैं क्योंकि हर वर्ष देश के स्वतंत्रता दिवस के साथ ही आपका जन्मदिन भी मनेगा।

पार्क में 75 तिरंगे झंडे लगाए गए

इससे पहले केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने तिरंगा पार्क का उद्घाटन कर के वहां पर तिरंगे के इतिहास पर लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस पार्क में 75 तिरंगे झंडे लगाए गए हैं और डिस्प्ले  बोर्डों पर तिरंगे से जुड़ी रोचक  जानकारियां प्रदर्शित की गई है। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री ने जिला प्रशासन द्वारा हर घर तिरंगा अभियान पर तैयार करवाए गए थीम सॉन्ग को भी जारी किया। राजकीय महिला महाविद्यालय के संगीत प्राध्यापक लोकेश शर्मा की पुत्री स्वाति शर्मा ने इस थीम सॉन्ग को तैयार किया है। स्वाति ने कार्यक्रम में थीम सॉन्ग गाकर भी सुनाया। इसमें गिटार पर साथ स्वाति के भाई ने दिया। कला ग्राम की टीम ने भी देशभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रम की प्रस्तुति दी। गुरुग्राम के डीसी कुमार यादव ने केंद्रीय मंत्री का स्वागत किया और तिरंगा पार्क के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम को हरियाणा सीएसआर ट्रस्ट के उपाध्यक्ष बोधराज सीकरी तथा एम3एम फाउंडेशन के ऐश्वर्य महाजन ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में गुरुग्राम की मेयर मधु आजाद, हरियाणा सोशल ट्रस्ट के एडिशनल सीईओ गौरव सिंह, पूर्व विधायक बिमला चौधरी, पूर्व मेयर विमल यादव, पार्षद अश्वनी शर्मा,  भी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *