हरियाणा राज्य चुनाव आयोग को 30 नवंबर तक पंचायती राज चुनाव करवाने के लिए लिखा : सीएम

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि ग्रुप-सी के लिए कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट नवंबर महीने  में होगा। इसके बाद ग्रुप-सी के लिए दूसरे लेवल का टेस्ट आयोजित होगा। मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने यह घोषणा रविवार को सिरसा के चौधरी देवीलाला विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से रूबरू होते हुए की। पंचायती राज चुनाव से जुड़े एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा राज्य चुनाव आयोग को 30 नवंबर तक पंचायती राज चुनाव करवाने के लिए लिखा है। पिछड़ा वर्ग-ए के आरक्षण व महिलाओं की 50 प्रतिशत भागीदारी को लेकर कुछ लोग न्यायालय में चले गए थे। सर्वोच्च न्यायालय से आदेश के बाद सरकार ने पिछड़ा वर्ग-ए के लिए पंचायती चुनाव में आरक्षण निर्धारित करने के लिए आयोग का गठन किया था। इसकी रिपोर्ट आने के बाद सरकार ने अध्यादेश जारी किया है, जिसे राज्यपाल ने मंजूरी दे दी है। वार्डबंदी में रिजर्वेशन का कार्य जारी है। आने वाले दिनों में उपायुक्तों को वार्ड अनुसार रिजर्वेशन निर्धारित करने के आदेश जारी कर दिए जाएंगे। उपायुक्तों को इसके लिए एक सप्ताह का समय होता है। इसके बाद जल्द से जल्द चुनाव करवाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *