एमसीडी: बीजेपी का यू टर्न, रेखा गुप्ता लड़ेंगी मेयर का चुनाव

दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के चुनाव में बीजेपी ने मेयर के पद पर रेखा गुप्ता को प्रत्याशी बनाया है। यह बीजेपी का यू-टर्न है क्योंकि कुछ दिन पहले ही दिल्ली बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा था कि एमसीडी के चुनाव में चूंकि बहुमत आम आदमी पार्टी के पास है इसलिए मेयर भी आम आदमी पार्टी का बनेगा और बीजेपी विपक्ष की भूमिका में रहेगी। लेकिन अब जब बीजेपी ने अपने उम्मीदवार के नाम का ऐलान कर दिया है तो मेयर के चुनाव में रोमांचक मुकाबला देखने को मिल सकता है। रेखा गुप्ता शालीमार बाग से पार्षद हैं। एमसीडी के मेयर का चुनाव 6 जनवरी को होगा। रेखा गुप्ता के अलावा राम नगर वार्ड से पार्षद का चुनाव जीतने वाले कमल बागड़ी को डिप्टी मेयर पद का उम्मीदवार बनाया गया है। मेयर और डिप्टी मेयर के लिए नामांकन की आज आखिरी तारीख है।

आप ने शैली ओबेरॉय को उतारा

कुछ दिन पहले आम आदमी पार्टी ने मेयर के पद के लिए शैली ओबेरॉय को उम्मीदवार बनाया था जबकि डिप्टी मेयर के पद पर आले मोहम्मद इकबाल को मैदान में उतारा था। शैली ओबेरॉय वार्ड 86 पटेल नगर विधानसभा से निगम पार्षद चुनी गई हैं जबकि आले मोहम्मद इकबाल ने वार्ड संख्या 76 मटिया महल विधानसभा से पार्षद का चुनाव जीता था। मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव में एमसीडी के 250 पार्षदों के साथ ही दिल्ली विधानसभा के 13 विधायक और दिल्ली में लोकसभा और राज्यसभा के 10 सांसद भी वोट डाल सकेंगे। जबकि एमसीडी में एलजी के द्वारा मनोनीत पार्षदों को चुनाव में वोट डालने का अधिकार नहीं है। एमसीडी के चुनाव में आम आदमी पार्टी को 134, बीजेपी को 104 और कांग्रेस को 9 सीटों पर जीत मिली थी और 15 साल से एमसीडी की सत्ता में बैठी बीजेपी की विदाई हो गई थी।

क्रॉस वोटिंग का डर

मेयर के चुनाव में राजनीतिक दलों को सबसे बड़ा डर क्रॉस वोटिंग का होता है क्योंकि इसमें पार्षदों पर दल-बदल कानून लागू नहीं होता और राजनीतिक दल अपने पार्षदों के लिए व्हिप भी जारी नहीं कर सकते। ऐसे में पार्षद क्रॉस वोटिंग कर सकते हैं। मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव के बाद दिल्ली के 12 एडमिनिस्ट्रेटिव जोन के लिए चुनाव होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *