Surya Grahan Timing : साल का आखिरी सूर्य ग्रहण आज, जानें कब और कहां लगेगा, सूतक और मंदिरों की क्या रहेगी स्थिति

Surya Grahan 2020 : आज साल का आखिरी सूर्य ग्रहण लगेगा। आज सोमवती अमावस्या भी है। सोमवती अमावस्या के दिन ग्रहण लगना एक दुर्लभ संयोग है। हालांकि यह सूर्य ग्रहण भारत में दिखाई नहीं देगा क्योंकि ग्रहण तब लगेगा जब भारत में सूर्यास्त हो चुका होगा। इसलिए ग्रहण उन्हीं देशों में दिखाई देगा जहां इस दौरान सूर्योदय रहेगा। भारत में ग्रहण न दिखने के चलते यहां सूतक भी नहीं लगेगा। मंदिरों के कपाट खुले रहेंगे। पूजा अर्चना होती रहेगी।

भारतीय समय के अनुसार सूर्य ग्रहण आज शाम 7 बजकर 3 मिनट पर शुरू होगा। ग्रहण की समाप्ति 14 दिसंबर रात 12 बजकर 23 मिनट पर होगी। ये ग्रहण वृश्चिक राशि और ज्येष्ठा नक्षत्र में होगा। यह ग्रहण दक्षिण अफ्रीका, दक्षिणी अमेरिका, प्रशांत महासागर में दिखाई देगा। इस ग्रहण का अधिकांश हिस्सा महासागर में पड़ने जा रहा है। आंशिक सूर्य ग्रहण बोलेविया, पेरू, ब्राजील, उरुग्वे व एक्वाडोर से नजर आएगा।

2021 में सूर्य ग्रहण –
साल 2021 में दो सूर्य ग्रहण पड़ेंगे। पहला 10 जून को होगा तो दूसरा 10 दिसंबर 2021 को।

ज्योतिषाचार्य विवेक गैरोला ने कहा कि सूर्य ग्रहण भारत में नहीं दिख रहा है। लेकिन वृश्चिक राशि के जातकों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत हैं। क्योंकि इस बार का सूर्य ग्रहण वृश्चिक राशि में ही लगने जा रहा है।

आज सोमवती अमावस्या भी
आज इस साल की आखिरी सोमवती अमावस्या है। आज श्रद्धालु सुबह स्नान के बाद शिव अराधना व पितरों का तर्पण करेंगे। दिन भर दान और पुण्य का दौर चलेगा। ज्योतिषाचार्य विवेक गैरोला के मुताबिक जिन जातकों की कुंडली में कालसर्प दोष है, उन्हें पितरों के तर्पण व शिव भक्ति से लाभ मिलता है। इस बार सोमवती अमावस्या को सूर्य, चंद्र, बुध, शुक्र वा केतु इन पांच ग्रहों का योग वृश्चिक राशि में बन रहा है। यह आज देर रात तक ही रहेगा। इसके बाद चार ग्रहों का योग 15 दिसंबर तक रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *