दोबारा आंदोलन करने पर मजबूर न करें
देशभर में सैकड़ों छात्र अरेस्ट, झूठे मुकदमे में फंसाया
रणघोष न्यूज़। नई दिल्ली
कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने चेतावनी दी है कि यदि प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस कार्रवाई नहीं रुकी और गिरफ्तार छात्रों को राहत नहीं मिली, तो पार्टी दोबारा देशव्यापी आंदोलन शुरू करेगी। पार्टी ने आरोप लगाया कि सरकार ने आंदोलन स्थगित कराने के दौरान किए गए आश्वासन का पालन नहीं किया।
नई दिल्ली में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सीजेपी नेता आशुतोष रांका, पार्टी प्रवक्ता सौरव दास और वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल मौजूद रहे। सौरव दास ने आरोप लगाया कि बिहार, पश्चिम बंगाल और असम सहित कई राज्यों में सैकड़ों छात्रों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं।
कपिल सिब्बल ने कहा कि वह पार्टी से जुड़े कानूनी मामलों में सहयोग करेंगे। वहीं सीजेपी ने पीड़ित छात्रों के लिए एक ऑनलाइन पोर्टल भी लॉन्च किया है, जहां छात्र अपनी शिकायत, केस से जुड़ी जानकारी और वीडियो अपलोड कर सकते हैं।
पार्टी का कहना है कि उसने केंद्र सरकार के इस आश्वासन पर अपना देशव्यापी आंदोलन स्थगित किया था कि किसी भी प्रदर्शनकारी के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई नहीं की जाएगी। सीजेपी ने कहा कि यदि सरकार अपने वादे से पीछे हटती है, तो यह लाखों युवाओं के विश्वास के साथ धोखा होगा और पार्टी आंदोलन फिर से शुरू करने को मजबूर होगी।