बिहार के सुपौल जिले के भीमनगर थाने में उस समय सभी पुलिस वाले चौंक पड़े जब एक युवक अपने कंधे पर एक पांच फीट के विशाल जिंदा मगरमच्छ को लेकर पहुंच गया। कई किलोमीटर की पदयात्रा करके वह थाने पर पहुंचा। इस दौरान रास्ते भर में लोग उसका वीडियो बनाते रहे। सोशल मीडिया पर इसका वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
किसान अमित कुमार ने बताया कि खेत में मगरमच्छ देखने पर सब घबरा गए। लेकिन, बाद में उसे पकड़कर रस्सी से बांध दिया गया। थाने की मदद से वन विभाग की टीम ने उसका रेस्क्यू कराया और कोसी नदी में ले जाकर छोड़ दिया। मगरमच्छ को किसी ने कोई नुकसान नहीं पहुंचाया।
यह मामला भीमनगर थाना इलाके के लालपुर वार्ड 14 का है। किसान अमित कुमार ने बताया कि खेत में धान को रोपनी करने गए थे। इसी दौरान करीब 5 फीट लंबे घड़ियाल को लोगों ने धान के खेत में देखा। पहले तो मगरमच्छ को देखकर सभी भागने लगे। मगरमच्छ भी लोगों को देखकर भागने लगा। उसे पकड़ने की कोशिश की गई तो हमला करने के उतारू हो गया। लेकिन, हिम्मत दिखाते हुए मगरमच्छ को दबोच लिया और उसके जबड़े को रस्सी से बांध दिया।
मगरमच्छ को रस्सी से बांध कर अमित पासवान ने कंधे से लटका लिया और वन विभाग के ऑफिस की ओर ले जाने लगा। जिधर से भी वह गुजरा, देखने वालों का तांता लग गया। जिसके हाथ में मोबाइल था, सबने उसका वीडियो बनाया। अमित ने कहा कि वन विभाग में जब कोई अधिकारी या कर्मी नहीं मिले तो वह जानवर को लेकर भीमनगर थाने पर पहुंच गया। थाने के परिसर में जब उसने मगरमच्छ को कंधे से उतारकर जमीन पर रखा तो देखने वालों की भीड़ लग गई।
थाने के अधिकारियों ने वन विभाग को इसकी जानकारी दी। अधिकारी वहां पहुंचे और विधिवत मगरमच्छ को अपने कब्जे में लियाा। मगरमच्छ को वहां से ले जाकर कोसी नदी में छोड़ दिया गया। विभागीय अधिकारी ने बताया कि बरसात के मौसम में मगरमच्छ भटककर कभी-कभी खेतों या रिहायशी इलाके में आ जाते हैं। उन्होंने अमित के प्रयासों की सराहना की।
इस मामले में वन विभाग के फोरेस्टर रवि रंजन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी जंगली जीव के दिखने पर उसे नुकसान न पहुंचाएं और तुरंत विभाग को सूचना दें, ताकि वन्यजीवों का सुरक्षित रेस्क्यू किया जा सके। लोगों को ऐसे जानवरों से पैनिक होने की जरूरत नहीं है।