गुजरात के मांजलपुर उपचुनाव परिणाम 2026 में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शानदार जीत दर्ज की है। वडोदरा जिले की मांजलपुर विधानसभा सीट पर भाजपा उम्मीदवार सतीश गोविंदभाई पटेल ने कांग्रेस प्रत्याशी भीखाभाई रबारी को 30,630 वोटों के बड़े अंतर से हराकर सीट अपने नाम कर ली। इस जीत के साथ भाजपा ने एक बार फिर इस सीट पर अपना मजबूत जनाधार कायम रखा।
निर्वाचन आयोग के अनुसार, मतगणना सोमवार को पूरी होने के बाद भाजपा प्रत्याशी सतीश पटेल को 55,481 वोट मिले, जबकि कांग्रेस के भीखाभाई रबारी को 24,851 वोट प्राप्त हुए। वहीं नोटा के पक्ष में 2,247 मतदाताओं ने मतदान किया।
मतगणना की शुरुआत से ही भाजपा उम्मीदवार लगातार बढ़त बनाए रहे। कांग्रेस किसी भी दौर की गिनती में बढ़त हासिल नहीं कर सकी। शुरुआती राउंड से लेकर अंतिम परिणाम तक भाजपा का दबदबा कायम रहा। 15वें राउंड के बाद ही सतीश पटेल की बढ़त 24 हजार से अधिक वोटों तक पहुंच गई थी, जो अंत में बढ़कर 30,630 वोट हो गई।
यह उपचुनाव 30 जुलाई 2026 को कराया गया था, जिसमें केवल 37.5 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ। यह आंकड़ा वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में हुए 60.15 प्रतिशत मतदान की तुलना में काफी कम रहा।
मांजलपुर सीट पर भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला था। भाजपा ने पूर्व मंत्री और दिवंगत विधायक योगेश पटेल के निधन के बाद सतीश गोविंदभाई पटेल को उम्मीदवार बनाया था। दूसरी ओर कांग्रेस ने गुजरात कांग्रेस के उपाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री भीखाभाई रबारी को मैदान में उतारा था। हालांकि मतदाताओं ने भाजपा पर भरोसा जताते हुए सतीश पटेल को बड़ी जीत दिलाई।
मांजलपुर विधानसभा क्षेत्र में लगभग 2.19 लाख मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 1,11,645 पुरुष और 1,07,847 महिला मतदाता शामिल हैं। मतदान के लिए कुल 260 मतदान केंद्र बनाए गए थे।
इस जीत के साथ भाजपा ने मांजलपुर सीट पर अपनी लगातार चौथी जीत दर्ज की है। इससे पहले दिवंगत नेता योगेश पटेल ने वर्ष 2012, 2017 और 2022 के विधानसभा चुनावों में भी इसी सीट से जीत हासिल की थी। उपचुनाव के नतीजे भाजपा के लिए राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं, जबकि कांग्रेस को एक बार फिर इस सीट पर निराशा हाथ लगी है।