प्रियंका गांधी ने PM मोदी से पूछा ‘कैसे हैं आप’, क्या मिला जवाब; खरगे की बात पर लगे ठहाके

लोकसभा सांसद सुप्रिया सुले की बेटी रेवती विवाह के बंधन में बंध चुकी हैं। हालांकि, उद्योगपति सारंग लखानी के संग उनकी शादी जून में ही हो गई थी, लेकिन रिसेप्शन सोमवार शाम दिल्ली में आयोजित किया गया था। खास बात है कि इस समारोह में शामिल हुए मेहमानों की लिस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, राज्यसभा सांसद सोनिया गांधी समेत कई बड़े नाम थे।

जब प्रियंका गांधी वाड्रा से मिले पीएम मोदी

समारोह का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें पीएम मोदी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, वायनाड सांसद राहुल गांधी समेत कई नेता नजर आ रहे हैं। लाइव हिन्दुस्तान इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।

वीडियो में सुना जा सकता है कि सभी नेता आपस में बातचीत कर रहे हैं और तभी पीएम मोदी पूछते हैं, ‘प्रियंका जी कैसी हैं आप?’ इसपर उन्होंने जवाब दिया, ‘अच्छी हूं, आप कैसे हैं।’ पीएम मोदी ने रिप्लाई किया, ‘मैं तो वैसा ही हूं।’ इसी बीच खरगे भी बोले और उनका जवाब सुन साथ मौजूद सभी नेता हंस पड़े। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ‘साहब थोड़ा बदल गए हैं।’

ये मेहमान भी पहुंचे

समारोह में लोकसभा स्पीकर ओम बिरला, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, कांग्रेस नेता दीपेंद्र हुड्डा, अभिनेता अमिताभ बच्चन, जया बच्चन, रणबीर कपूर, फरहान अख्तर, रवि किशन समेत कई हस्तियां शामिल हुईं।

कौन हैं रेवती और सारंग

सारंग के पिता अरुण लखानी विश्वराज ग्रुप के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक हैं, और हाल ही में वह महाराष्ट्र विधान परिषद के लिए निर्विरोध चुने गए। सारंग, विश्वराज ग्रुप के कार्यकारी निदेशक हैं। रेवती सुले ने लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से पढ़ाई की है।

जून में भोज में शामिल हुए राहुल गांधी समेत कई नेता

20 जून को आयोजित कार्यक्रम में राहुल गांधी, राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत, तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी, कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान समेत कई लोग शामिल हुए थे। वहीं, शादी से जुड़े कार्यक्रमों का हिस्सा महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस भी रहे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *