बिजली का तार टूटा, सुनकर बेकाबू हो गई भीड़; बिहार में अफवाह ने ली 7 जानें

अशोक धाम मंदिर, बिहार के सबसे पुराने शिवालयों में से एक है। सोमवार सुबह यहां भगदड़ के चलते दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें कम से कम 7 लोगों की मौत हो गई है। चश्मदीदों का कहना है कि भीड़ के खराब प्रबंधन के चलते यह हादसा हुआ। जबकि, प्रशासन इसकी एक वजह बैरिकेड टूटने और बिजली का तार गिरने की अफवाह बता रहा है। आखिर सुबह 6 बजे के बाद ऐसा क्या हुआ, जिसने इतने मासूमों की जान ले ली।

यह घटना ऐसे समय पर हुई, जब सावन सोमवार के चलते बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे थे। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने हादसे पर दुख जाहिर किया है। साथ ही राज्य सरकार की तरफ से आश्रितों को 4-4 लाख रुपये का मुआवजा देने का ऐलान किया है। वहीं, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की अगुवाई में बचाव और राहत कार्य चल रहा है।

प्रशासन ने क्या बताया

लखीसराय के जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने पीटीआई-भाषा को बताया, ‘सोमवार सुबह करीब साढ़े छह बजे अशोक धाम हॉल्ट रेलवे स्टेशन के पास भगदड़ में कम से कम सात श्रद्धालुओं की मौत हो गई जबकि 14 अन्य घायल हो गए। भीड़ के दबाव में बैरिकेडिंग का एक हिस्सा टूट गया, जिससे लोग एक-दूसरे के ऊपर गिरने लगे और भगदड़ मच गई।’ जिलाधिकारी ने बताया कि अधिकारी मृतकों और घायलों की पहचान करने की कोशिश कर रहे हैं।

उन्होंने बताया, ‘घटना सुबह करीब 6 बजकर 40 मिनट पर हुई। तब कुछ युवा बैरिकेड्स को तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश करने लगे।’

क्या थी भगदड़ की वजह

केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह ने लखीसराय अशोक धाम भगदड़ की घटना पर कहा, ‘लखीसराय के अशोक धाम में सावन महीने के तीसरे सोमवार के दिन अचानक काफी भीड़ बढ़ गई। एक अफवाह फैली की बिजली का तार गिर गया है करंट आ गया है। जिसके कारण भगदड़ मची और उसमें कई लोगों की मृत्यु हो गई मैं मृतकों के परिवार जनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं…।’

DM ने बताया, ‘श्रद्धालुओं की लाइन अशोकधाम हॉल्ट तक पहुंच गई थी। हॉल्ट पर दो ट्रेनें रुकी हुई थीं। अचानक वहां बिजली का एक खंभा गिर गया। यह खंभा पुरुषों की लाइन के ओर था। खंभा गिरने पर अफवाह फैल गई कि लोगों पर बिजली का तार गिर गया है, लेकिन वह केबल वायर था। इससे बाईं ओर महिलाओं की लाइन पर दबाव बन गया। इस वजह से महिलाएं एक-दूसरे के ऊपर गिर गईं… पुलिस प्रशासन सुबह 3 बजे से ही वहां गश्त कर रहा था। यह सब अचानक 2 मिनट के अंदर हुआ। हम अभी सदर अस्पताल में हैं। मरने वाली सभी महिलाएं हैं। हम मरने वालों की सही संख्या का पता लगा रहे हैं।’

PM मोदी ने जताया दुख

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, ‘बिहार के लखीसराय में भगदड़ से हुई मौतों से बहुत दुख हुआ है। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। घायल लोग जल्द ठीक हों। स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की मदद कर रहा है।’

दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी

प्रदेश सरकार में मंत्री केदार गुप्ता ने लखीसराय में अशोक धाम में भगदड़ पर कहा, ‘लखीसराय में जो घटना हुई है, उसकी मुझे जानकारी मिली है…हम इस पर खेद व्यक्त करते हैं और पीड़ित परिवारों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त करते हैं। इस घटना की जांच करवाई जाएगी… जो भी दोषी पाए जाएंगे उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *