राजस्थान में शहरी निकाय चुनावों की आचार संहिता लगने से पहले राज्य सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। कार्मिक विभाग ने सोमवार देर रात 26 IAS और 53 RAS अफसरों के तबादले किए। इसके साथ ही 14 ट्रेनी IAS अफसरों को अलग-अलग जिलों में जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में ओएसडी के पद पर पोस्टिंग दी गई है। तबादला आदेशों में सभी RAS अफसरों को तत्काल नई जगह जॉइन करने के निर्देश दिए गए हैं।
राज्य निर्वाचन आयोग ने एक ही जगह पर तीन साल या उससे अधिक समय से तैनात अफसरों को हटाने के निर्देश दिए थे। इसी के तहत सरकार ने यह फेरबदल किया है। इससे पहले पिछले सप्ताह भी कई RAS अफसरों के तबादले किए गए थे। निकाय चुनावों की आचार संहिता आज या कल लगने की संभावना है।
विकास प्राधिकरणों में भी बदले अधिकारी
सरकार ने कई विकास प्राधिकरणों और नगर निकायों में आयुक्त व सचिव बदले हैं। अजमेर विकास प्राधिकरण की आयुक्त नित्या के को ऊर्जा विभाग में संयुक्त सचिव लगाया गया है। वहीं जैसलमेर जिला परिषद की सीईओ रश्मि रानी को अजमेर विकास प्राधिकरण का आयुक्त बनाया गया है।
श्रीगंगानगर जिला परिषद के सीईओ गिरधर का तबादला भिवाड़ी इंटीग्रेटेड विकास प्राधिकरण (BIDA) के सीईओ पद पर किया गया है। जोधपुर विकास प्राधिकरण के आयुक्त उत्साह चौधरी को आपदा प्रबंधन विभाग में संयुक्त सचिव बनाया गया है।
अलवर यूआईटी की सचिव धायगुड़े स्नेह नाना को बीकानेर विकास प्राधिकरण का आयुक्त नियुक्त किया गया है। सवाई माधोपुर जिला परिषद के सीईओ गौरव बुडानिया को अजमेर नगर निगम का आयुक्त बनाया गया है। वहीं अलवर जिला परिषद के सीईओ सालुखे गौरव रविंद्र को भीलवाड़ा यूआईटी का सचिव लगाया गया है।
6 APO IAS अफसरों को मिली पोस्टिंग
सरकार ने APO चल रहे छह IAS अफसरों को भी नई जिम्मेदारी दी है। ललित गोयल को पीडब्ल्यूडी में संयुक्त सचिव, अभिषेक जैन को श्रीगंगानगर जिला परिषद का सीईओ, प्रीतम कुमार को उदयपुर जिला परिषद का सीईओ, सक्षम गोयल को जलदाय विभाग में संयुक्त सचिव, भेसारे शुभम अशोक को जयपुर जिला परिषद का सीईओ और प्रतिभा दया को करौली जिला परिषद का सीईओ लगाया गया है।
ऊर्जा राज्यमंत्री के SA रहते APO हुए कालूराम को RU रजिस्ट्रार की जिम्मेदारी
तबादला सूची में कालूराम की पोस्टिंग भी चर्चा में है। ऊर्जा राज्यमंत्री हीरालाल नागर के विशेष सहायक (SA) रहते हुए APO किए गए कालूराम को अब राजस्थान यूनिवर्सिटी में रजिस्ट्रार के पद पर नियुक्त किया गया है। 12 अगस्त को कालूराम को मंत्री के SA पद पर रहते हुए APO किया गया था। करीब एक सप्ताह के भीतर उन्हें नई पोस्टिंग दे दी गई।
वहीं रेवेन्यू बोर्ड के अतिरिक्त निबंधक कैलाश चंद शर्मा का तबादला राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के सचिव पद पर किया गया है। यह पद लंबे समय से खाली चल रहा था।
RU रजिस्ट्रार आशु चौधरी समेत 3 RAS APO
राजस्थान यूनिवर्सिटी की रजिस्ट्रार आशु चौधरी को APO किया गया है। उनके अलावा राजस्थान पाठ्यपुस्तक मंडल की सचिव रंजीता गौतम और जीएडी जोधपुर के प्रोटोकॉल अधिकारी सुरेश कुमार राव को भी APO किया गया है।
रंजीता गौतम की जगह करौली के एडीएम महावीर सिंह-2 को राजस्थान पाठ्यपुस्तक मंडल, जयपुर का सचिव बनाया गया है।
आचार संहिता से पहले तत्काल जॉइनिंग के आदेश
निकाय चुनावों की आचार संहिता जल्द लागू होने की संभावना को देखते हुए कार्मिक विभाग ने तबादला आदेशों में ही RAS अफसरों को तत्काल नई जगह कार्यभार संभालने के निर्देश दिए हैं। सभी कलेक्टरों और विभागाध्यक्षों को अपने-अपने विभागों में तबादला किए गए RAS अफसरों को तत्काल रिलीव करने को कहा गया है।
सरकार ने नए पद पर जॉइन नहीं करने वाले अफसरों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी है। ऐसे में माना जा रहा है कि आचार संहिता लागू होने से पहले प्रशासनिक स्तर पर किए गए इस फेरबदल का उद्देश्य चुनावी प्रक्रिया के दौरान लंबे समय से एक ही जगह तैनात अधिकारियों को हटाना और निर्वाचन से जुड़े प्रशासनिक इंतजामों को व्यवस्थित करना है।