दिल्ली एनसीआर में कुछ ही घंटों की भारी बारिश में स्थिति खराब हो गई है। जगह-जगह जलभराव और लंबे ट्रैफिक जाम ने लोगों को बेहाल कर दिया है। खराब मौसम की वजह से दिल्ली एयरपोर्ट पर भी उड़ानों पर असर पड़ा है। भारी बारिश के चलते अब तक 2 इंटरनेशनल उड़ानों समेत 14 को डायवर्ट किया गया है। इनमें से 12 को दिल्ली से जयपुर एयरपोर्ट डायवर्ट किया गया है।
दिल्ली-एनसीआर में सोमवार सुबह से ही भारी बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने कई इलाकों में भारी बारिश के लिए रेड अलर्ट और मध्यम बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा आंधी-तूफ़ान, बिजली कड़कने और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से हवाएं चलने की भी संभावना है। ऐसे में उड़ानों के संचालन पर भी असर पड़ा है और दिल्ली एयरपोर्ट से अभी तक 14 फ्लाइट डायवर्ट की जा चुकी है।
एयरलाइंस ने जारी की एडवाइजरी
खराब मौसम को देखते हुए स्पाइसजेट, एयर इंडिा, इंडिगो समेत अन्य एयरलाइंस ने एडवाइजरी जारी की है। इसमें कहा गया है कि खराब मौसम की वजह से बाद की उड़ानों पर भी असर पड़ सकता है। ऐसे में यात्री घर से निकलने से पहले अपनी उड़ानों का स्टेटस चेक कर लें।
दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में भारी जाम
भारी बारिश के बाद दिल्ली एनसीआर के कई इलाकों में जलभराव के बाद जाम लग गया है। संगम विहार के पास एमबी रोड पर भारी जाम की खबर है। वायुसेनाबाद और संगम विहार के बीच भी ट्रैफिक की रफ़्तार काफी धीमी रही और लोग लगभग एक घंटे तक फंसे रहे। इस जाम का असर दिल्ली एयरपोर्ट, ऑफिस और साकेत कोर्ट जाने वाले लोगों पर पड़ा। नोएडा में नेशनल हाईवे 9 पर बारिश के दौरान हिंडन नदी के पास छिजारसी कट पर गाड़ियों के दबाव के कारण लगा जाम लग गया।
गुरुग्राम में भी जलभराव के बाद भारी जाम
गुरुग्राम में भी कुछ ही देर की बारिश के बाद सड़कों पर दो से तीन फीट तक पानी भरने से यातायात पूरी तरह चरमरा गया। दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे, सोहना रोड, ओल्ड दिल्ली रोड और रेलवे रोड पर वाहनों की कई किलोमीटर लंबी कतारें लग गईं। राजीव चौक अंडरपास और फ्लाईओवर के आसपास वाहन चालक करीब एक घंटे तक जाम में फंसे रहे।
मौसम विभाग का क्या अपडेट
मौसम विभाग ने अगले दो घंटों में दिल्ली एनसीआर में हल्की से मध्यम बारिश की चेतावनी दी है। पूरे दिल्ली और एनसीआर, झज्जर, फरुखनगर, सोहाना, रेवाड़ी पलवल, बावल, नूंह, औरंगाबाद (हरियाणा) भिवाड़ी, तिजारा, खैरथल, कोटपूतली, अलवर (राजस्थान) में हल्की आंधी और बिजली के साथ हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है।