मोदी के मन की बात कार्यक्रम का खुला विरोध,महिलाओं ने थाली बजा किया रोष प्रदर्शन

रणघोष अपडेट. चरखी दादरी


थोड़े समय पहले तक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम के प्रसारण का लोग इंतजार करते थे। उसके ठीक विपरीत आज हालात ये हैं कि उनके इसी कार्यक्रम का खुलेआम विरोध किया गया। शहर की एमसी कॉलोनी में महिलाओं एकत्रित होकर नरेंद्र मोदी के मन की बात के प्रसारण शुरू होते ही थाली बजाकर अनूठे अंदाज में रोष प्रदर्शन किया। खास बात ये थी कि सड़क के बीचोंबीच रखे टीवी पर एक ओर जहां प्रधानमंत्री ने अपना संबोधन जैसे ही शुरू किया उसी समय महिलाओं ने थाली बजाना आरंभ कर दिया।  संयुक्त किसान मोर्चा ने देशभर में 27 दिसम्बर को 11 बजे प्रसारित होने वाले इस प्रोग्राम का थाली बजाकर विरोध जताने का आह्वान किया हुआ था। किसान नेता राजू मान की अगुवाई में महिलाओं ने ना केवल थाली बजाई साथ में सरकार  और मोदी के विरोध में जोरदार नारेबाजी भी की। इस दौरान महिलाओं ने सरकार के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली।  इस मौके पर महिलाओं ने कहा कि किसान आंदोलन के चलते एक महीने से भी ज्यादा समय से कड़कती ठंड में लाखों किसान दिल्ली बॉर्डर पर अपनी जायज मांगों को लेकर शांतिपूर्ण ढंग से धरने पर बैठे हैं। आंदोलन के दौरान तीन दर्जन से ज्यादा किसान शहादत दे चुके हैं। पर मोदी घमंड में चूर होकर किसानों से बात करने को राजी नहीं है साथ में किसानों के लिए अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं। अगर नरेंद्र मोदी हमारे देश के अन्नदाताओं की नहीं सुन रहे तो हमें भी उनकी मन की बात नहीं सुननी। अभी तो शुरुआत है अगर मोदी अभी नींद से नहीं जागे तो आने वाले समय में उन्हें गंभीर परिणाम भुगतना होगा।  किसान नेता राजू मान ने अपने संबोधन में कहा कि किसान आंदोलन को व्यापक समर्थन मिल रहा है और संयुक्त किसान मोर्चा के निर्देशन में चल रहा ये आंदोलन निश्चित तौर पर कामयाब होगा। आज प्रधानमंत्री के मन की बात का विरोध करने के लिए बड़ी संख्या में आई महिलाएं इस बात का सूचक है कि सरकार के उल्टे दिन लग गए हैं। उन्होंने कहा कि हर वर्ग ये समझ गया है कि ये तीन काले कानून केवल बड़े उद्योगपतियों के फायदे के लिए बनाए गए हैं और इसकी मार उन सब पर पड़ने वाली है। यही वजह है कि इस आंदोलन को देशभर में समर्थन मिल रहा है।  विरोध प्रदर्शन में सुमित्रा पहल, सुनीता देवी, सीमा राणा, संतोष सांगवान, उर्मिला फौगाट, सुमित्रा शास्त्री, अनीता कादयान, शीला मान, आशा सांगवान, सुशील श्योराण, बीना हुड्डा, मंजू बाला, संजीत दहिया, सुनीता सांगवान, अनीता शर्मा, रिंकी, प्रीति, महेन्द्र पहल, रणसिंह लाम्बा, उमराव सिंह मान, इंद्र राणा, सोनू श्योराण, लालचंद, सतबीर सिंह इत्यादि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *