अब धीमी है रफ्तार, फिर भी भारत में कोरोना के मामले 80 लाख पार, जानें 24 घंटे में कितनी मौतें और कितने नए केस

भारत में कोरोना वायरस का की रफ्तार भले ही कम हो, मगर इसके मामलों का आंकड़ा 80 लाख पार कर गया है। भारत में एक दिन में कोरोना वायरस के करीब 49 हजार नए केस मिलने से कुल कोविड-19 के मामलों की संख्या 80 लाख पार कर गई है। अमेरिका (करीब 91 लाख) के बाद भारत दुनिया का दूसरा देश है, जहां सबसे अधिक कोरोना केस पाए गए हैं। वहीं, देश में कोरोना से एक लाख बीस हजार मौतें भी हो चुकी हैं। 

स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, गुरुवार को पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 49881 नए मामले सामने आए हैं, जिससे भारत का कुल आंकड़ा बढ़कर 80,40,203 हो गया है। वहीं इस दौरान 517 नए मौतों से इससे मरने वालों की संख्या 1,20,527 पहुंच गई है। 

भारत में पिछले 24 घंटे में 7116 की गिरावट के साथ फिलहाल एक्टिव केसों की संख्या 603687 हैं। अब तक 73,15,989 लोग कोरोना को मात दे चुके हैं। हालांकि, भारत में मृत्यु दर सबसे कम है। अमेरिका में दो लाख तीस हजार से अधिक लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है। 

दिल्ली में एक दिन में रिकॉर्ड मामले

दिल्ली में कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों का तेजी से बढ़ना जारी है। राष्ट्रीय राजधानी में आज आए मामलों ने सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। बुधवार को यहां कुल 5673 नए मामले दर्ज हुए, एक दिन में अब तक सर्वाधिक हैं। वहीं बीते 24 घंटे में कोरोना के कारण कुल 40 लोगों की मौत भी हुई है।

बुधवार शाम को जारी हुई दिल्ली सरकार की हेल्थ बुलेटिन के मुताबिक, 5673 नए मामलों के साथ अब कुल संक्रमितों की संख्या 3 लाख 70 हजार 014 हो गई है। वहीं आज कुल 4128 लोग इलाज के बाद ठीक हुए हैं। दिल्ली में कोरोना को मात देने वालों की संख्या अब 3 लाख 32 हजार 240 तक पहुंच गई है। दिल्ली में अब तक कोरोना महामरी की चपेट में आकर कुल 6396 लोगों की मौत हो चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *