Abhinav Arora: इन दिनों अभिनव अरोड़ा सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहे हैं। मात्र 10 साल के अभिनव खुद को भगवान कृष्ण का बहुत बड़ा भक्त बताते हैं। उनका कहना है कि वह भगवान कृष्ण को अपने छोटे भाई के रूप में पूजते हैं। हालांकि जब हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान अभिनव अरोड़ा से भगवान कृष्ण पर कुछ सवाल पूछे गए तो वह बुरी तरह से फेल हो गए। कुल चार सवालों में से अभिनव मात्र एक का ही जवाब दे पाए। इसके बाद सोशल मीडिया पर फिर वह ट्रोल होने लगे। लोगों ने लिखा है कि कृष्ण भक्त होना और किताबी बातें रट लेना दोनों अलग-अलग बातें हैं। इसके अलावा भी लोग कई टिप्पणियां कर रहे हैं।
अभिनव अरोड़ा को लोग बाल संत के रूप में मानते हैं। हाल ही में उनको लेकर कुछ विवाद भी हुए हैं। इस बीच एबीपी लाइव पर अभिनव का एक इंटरव्यू आया है। इस इंटरव्यू में अभिनव से भगवान कृष्ण को लेकर चार सवाल पूछे जाते हैं। पहला सवाल होता है, भगवान कृष्ण के पास जो सुदर्शन चक्र था, वो उन्हें किसने दिया था? इसके जवाब में अभिनव कहते हैं, ‘भगवान कृष्ण के पास जो सुदर्शन चक्र था, वो उन्हें दिया था।’ इतना बोलकर वह रुक जाते हैं। इसके बाद एंकर फिर पूछता है किसने दिया था? फिर अभिनव जवाब में शिव महापुराण का जिक्र करते हैं और अंतत: कहते हैं कि भगवान शिव ने कृष्ण को सुदर्शन चक्र दिया था। जबकि इसका सही जवाब है कि श्रीकृष्ण को सुदर्शन चक्र परशुराम ने दिया था।
अभिनव से दूसरा सवाल पूछा जाता है कि भगवान कृष्ण के नाम का अर्थ क्या होता है? जवाब में अभिनव कहते हैं कि कृष्ण नाम का बहुत सुंदर अर्थ है। जब उनसे दोबारा पूछा जाता है तो वह सामने की तरफ देखने लगते हैं और थोड़ा रुककर बोलते हैं, ‘कष्ट हरने वाला।’ यह जवाब भी गलत है क्योंकि भगवान कृष्ण के नाम का अर्थ होता काला या श्याम। फिर पूछा जाता है कि किस भाषा का शब्द है कृष्ण तो अभिनव सही जवाब देने के बजाए फिर से अपना पुराना जवाब ही दोहराने लगते हैं।
इसके बाद बारी आती है तीसरे सवाल की। अभिनव से इस बार पूछा जाता है कि भगवान कृष्ण का पूरा नाम क्या है? इसके जवाब में अभिनव कहते हैं कि भगवान कृष्ण का पूरा नाम कृष्ण है। इस तरह उनका तीसरा जवाब भी गलत निकलता है क्योंकि भगवान कृष्ण का पूरा नाम श्रीकृष्ण वासुदेव है। चौथे और आखिरी सवाल के रूप में अभिनव से पूछा जाता है कि वासुदेव किसका नाम है। अभिनव इस सवाल का सही जवाब देते हैं और बताते हैं वासुदेव भगवान कृष्ण के पिता का नाम है। यही अभिनव का एकमात्र सही जवाब भी होता है।
गौरतलब है कि बीते कुछ दिनों से अभिनव अरोड़ा सुर्खियों में हैं। पहले तो यूट्यूबर्स ने उनको लेकर कई दावे किए। फिर रामभद्राचार्य के मंच से उन्हें उतार दिए जाने और मूर्ख कहे जाने का वीडियो वायरल हुआ। इसके बाद अभिनव ने कहाकि वह सात यूट्यूबर्स के खिलाफ केस करेंगे। साथ ही कहाकि उनका और उनकी बहन का स्कूल जाना मुश्किल हो गया है। इतना ही नहीं, अभिनव की मां ज्योति अरोड़ा ने दावा किया कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग अभिनव अरोड़ा को जान से मारने की धमकी दे रहा है।