Andaman Gas Discovery: अंडमान में मिला नेचुरल गैस का खजाना | Oil India की बड़ी सफलता

Big Discovery: ऑयल इंडिया ने अंडमान शैलो ऑफशोर ब्लॉक में प्राकृतिक गैस खोजी। भारत की ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में यह बड़ी उपलब्धि साबित हो सकती है।


खुशखबरी! अंडमान में है नेचुरल गैस का खजाना, कुएं की खुदाई में मिले सबूत

भारत के ऊर्जा क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि सामने आई है। ऑयल इंडिया लिमिटेड (OIL) ने अंडमान शैलो ऑफशोर ब्लॉक में अपने दूसरे अन्वेषण कुएं में प्राकृतिक गैस की उपस्थिति दर्ज की है। यह खोज कंपनी के चल रहे अन्वेषण अभियान में बेहद अहम मानी जा रही है और देश की ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में एक बड़ा कदम है।

कंपनी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि इस कुएं को विजयपुरम-2 नाम दिया गया है और इसे ऑफशोर अंडमान ब्लॉक AN-OSHP-2018/1 में ड्रिल किया गया। यह ब्लॉक ओपन एकरेज लाइसेंसिंग पॉलिसी (OALP) के अंतर्गत आता है। प्रारंभिक उत्पादन परीक्षण के दौरान रुक-रुक कर प्रवाह से प्राप्त सैंपल में प्राकृतिक गैस की उपस्थिति की पुष्टि हुई है।

OIL ने कहा कि इस खोज का महत्व भारत की ऊर्जा अन्वेषण रणनीति में खास होगा। वर्तमान में गैस की उत्पत्ति और संरचना को समझने के लिए गैस आइसोटोप अध्ययन सहित विस्तृत विश्लेषण किया जा रहा है। इन अध्ययनों से यह स्पष्ट होगा कि गैस का स्रोत क्या है—क्या यह किसी स्रोत-शिला से जुड़ा है, प्रवासन मार्ग से आया है, या फिर हाइड्रोकार्बन के संचयन का परिणाम है।

कंपनी ने आगे बताया कि प्रारंभिक आकलन के अनुसार यह खोज इस ओर संकेत करती है कि ब्लॉक में स्रोत-शिला, प्रवासन मार्ग और हाइड्रोकार्बन का संचयन मौजूद हो सकता है। यह खोज भविष्य की अन्वेषण और ड्रिलिंग रणनीति तय करने में मददगार साबित होगी। साथ ही OIL ने कहा कि वह ब्लॉक के अन्य हिस्सों में भी परीक्षण कर रही है ताकि इस खोज का और गहराई से मूल्यांकन किया जा सके।

गौरतलब है कि मौजूदा अन्वेषण अभियान के दौरान अंडमान शैलो ऑफशोर ब्लॉक में हाइड्रोकार्बन की यह पहली पुष्टि है। इससे क्षेत्र में ऊर्जा संसाधनों की संभावनाओं को नई दिशा मिल सकती है और भारत की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत आधार मिल सकता है।