नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद अनिल फिरोजिया ने लोकसभा में टेलीविजन के चर्चित रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह शो अश्लीलता और अभद्र भाषा को बढ़ावा दे रहा है, जिससे समाज पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है।
लोकसभा में उठा ‘बिग बॉस’ पर बैन लगाने का मुद्दा
मध्य प्रदेश के उज्जैन से सांसद अनिल फिरोजिया ने लोकसभा में शून्यकाल के दौरान यह मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा, “बिग बॉस भारतीय टेलीविजन का एक प्रमुख रियलिटी शो है, जिसे करोड़ों लोग देखते हैं। लेकिन, पिछले कुछ वर्षों में इस शो की सामग्री लगातार विवादास्पद होती जा रही है।”
उन्होंने दावा किया कि शो में अश्लीलता, अभद्र भाषा और अनावश्यक विवादों को बढ़ावा दिया जा रहा है। यह न सिर्फ समाज के लिए बल्कि युवा और बच्चों के लिए भी हानिकारक साबित हो सकता है।
अश्लीलता और विवादों को बढ़ावा देने का आरोप
सांसद ने कहा कि शो के शुरुआती सीज़न मनोरंजन आधारित थे, लेकिन अब यह अनैतिक और अनुचित सामग्री दिखाने का माध्यम बन गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि “प्रतियोगियों के व्यक्तिगत जीवन के विवादों को बढ़ावा दिया जाता है और सार्वजनिक रूप से अनावश्यक बहसें करवाई जाती हैं।”
सलमान खान पर भी उठाए सवाल
फिरोजिया ने शो के होस्ट सलमान खान का नाम लेते हुए कहा, “इस शो का युवाओं और बच्चों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। मैं सरकार से अपील करता हूं कि ‘बिग बॉस’ और ऐसे अन्य शो पर तत्काल प्रतिबंध लगाया जाए।”
क्या ‘बिग बॉस’ पर लगेगी रोक?
भाजपा सांसद की इस मांग के बाद यह देखना दिलचस्प होगा कि सरकार और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय इस पर क्या कदम उठाते हैं। इससे पहले भी रियलिटी शोज की सामग्री को लेकर कई बार विवाद खड़े हो चुके हैं, लेकिन अब यह मामला लोकसभा में गूंजने के बाद और गंभीर हो गया है।