पंजाब और हरियाणा की राजधानी Chandigarh के सेक्टर-37 में स्थित पंजाब भाजपा कार्यालय के बाहर हुए धमाके का एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक हमलावर अपने हाथ से ग्रेनेड निकालता है, उसकी पिन खींचता है और भाजपा दफ्तर की ओर फेंक देता है, जिसके तुरंत बाद जोरदार धमाका होता है।
घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गया। यह धमाका शाम करीब 5 बजे हुआ, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
खालिस्तानी संगठन ने ली जिम्मेदारी
इस मामले में बड़ा खुलासा तब हुआ जब खालिस्तानी आतंकी Sukhjinder Singh Babbar ने इस हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया। सोशल मीडिया पर जारी एक पोस्ट में कहा गया कि इस हमले के पीछे वही है।
पोस्ट में भारत के खिलाफ भड़काऊ बयान दिए गए और कहा गया कि पंजाब के सिख युवाओं के खिलाफ की जा रही कार्रवाई का जवाब दिया जाएगा। साथ ही खालिस्तान समर्थक नारे भी पोस्ट में शामिल किए गए।
पुलिस जांच में दो संदिग्ध, CCTV फुटेज खंगाले जा रहे
हमले के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है। सीसीटीवी फुटेज में दो संदिग्ध व्यक्तियों को मोटरसाइकिल पर भाजपा कार्यालय के आसपास घूमते देखा गया है। पुलिस इन दोनों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
क्या अश्वनी शर्मा थे निशाने पर?
पुलिस सूत्रों के अनुसार इस हमले के तार प्रतिबंधित आतंकी संगठन Babbar Khalsa International से जुड़े हो सकते हैं। साथ ही यह भी आशंका जताई जा रही है कि इस हमले का निशाना पंजाब भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष Ashwani Kumar Sharma हो सकते थे।
बताया जा रहा है कि करीब 15 दिन पहले ही उन्हें सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की चेतावनी दी गई थी। हालांकि घटना के समय वह दिल्ली में एक कार्यक्रम के लिए मौजूद थे।
क्रूड बम का किया गया इस्तेमाल
चंडीगढ़ की एसएसपी कंवरदीप कौर ने बताया कि इस धमाके में क्रूड बम का इस्तेमाल किया गया था। धमाके के कारण भाजपा कार्यालय के बाहर खड़ी एक कार का शीशा टूट गया और एक एक्टिवा वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। दीवारों पर 50 से अधिक स्थानों पर छर्रों के निशान पाए गए हैं।
केंद्रीय एजेंसियां भी जांच में जुटीं
घटना की गंभीरता को देखते हुए National Investigation Agency (एनआईए) और केंद्रीय फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (सीएफएसएल) की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं और साक्ष्य जुटाने का काम शुरू कर दिया है।
पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।