चेन्नई: मैसूर-दरभंगा एक्सप्रेस और मालगाड़ी में टक्कर, 19 घायल; फंसे यात्रियों के लिए चलाई गई विशेष ट्रेन

रणघोष अपडेट. देशभर से 

शुक्रवार रात तमिलनाडु के चेन्नई के पास कावराईपेट्टई रेलवे स्टेशन पर मैसूर-दरभंगा एक्सप्रेस ट्रेन और मालगाड़ी की टक्कर में 19 यात्री घायल हो गए। बता दें कि सीएम स्टालिन ने हादसे पर दुख जताया है जबकि एक स्पेशल ट्रेन फैंस हुए यात्रियों के लिए रवाना कर दी गई है।  गौरतलब है कि यह घटना दक्षिणी रेलवे के चेन्नई डिवीजन के अंतर्गत पोन्नेरी और कावराईपेट्टई रेलवे स्टेशनों के बीच चेन्नई-गुडूर सेक्शन पर रात करीब 8:30 बजे घटी, जिसके कारण यात्री ट्रेन के 12 डिब्बे पटरी से उतर गए। मैसूरु-दरभंगा बागमती एक्सप्रेस के फंसे हुए यात्रियों को लेकर एक विशेष ट्रेन, जो कावराईपेट्टई रेलवे स्टेशन पर एक स्थिर मालगाड़ी से टकरा गई थी, अपनी यात्रा जारी रखने के लिए शनिवार सुबह डॉ एमजीआर चेन्नई सेंट्रल रेलवे स्टेशन से रवाना हुई। ट्रेन सुबह करीब 4.45 बजे स्टेशन से रवाना हुई। अधिकारियों ने बताया कि प्रतीक्षा के दौरान फंसे यात्रियों को भोजन और पानी उपलब्ध कराया गया। दुर्घटना पर दुख व्यक्त करते हुए तमिलनाडु के मुख्यमंत्री ने कहा कि वह लगातार बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं और घायल यात्रियों को अस्पताल ले जाया गया है। उन्होंने आगे कहा कि अल्पसंख्यक मंत्री एस.एम. नसर और अन्य अधिकारियों को दुर्घटना स्थल पर पहुंचने का निर्देश दिया गया है।सीएम स्टालिन ने कहा, “मुझे यह जानकर झटका लगा कि तिरुवल्लूर जिले के कावरीपेट्टई में एक रेल दुर्घटना हुई है। जैसे ही जानकारी मिली, मैंने माननीय मंत्री एसएम नसर और जिला कलेक्टर सहित अन्य सरकारी अधिकारियों को दुर्घटना स्थल पर जाने का आदेश दिया।”उन्होंने कहा, “सरकार बचाव और राहत कार्य में तेजी से काम कर रही है। घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया जा रहा है। अन्य यात्रियों के लिए भोजन और घर लौटने की यात्रा सुविधाओं की व्यवस्था करने के लिए एक अलग टीम काम कर रही है। दमकल विभाग पटरी से उतरे ट्रेन के डिब्बों को हटाने में लगा हुआ है। मैं बचाव अभियान पर लगातार नज़र रख रहा हूँ।”तमिलनाडु के उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन ने शुक्रवार देर रात चेन्नई के सरकारी स्टेनली मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मैसूर-दरभंगा एक्सप्रेस ट्रेन टक्कर की घटना में घायल यात्रियों से मुलाकात की। साथ ही स्टालिन ने इलाज करा रहे लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की और कहा कि मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के निर्देश पर बड़े पैमाने पर बचाव अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने एक्स पर लिखा, “घायल यात्रियों को उचित उपचार दिया जा रहा है, हमने अस्पताल के डीन से विस्तृत जानकारी मांगी है। हमने उपचार करा रहे लोगों को भोजन सहित तत्काल सुविधाएं उपलब्ध कराने की सलाह भी दी है। इसके अलावा, हमने तिरुवल्लूर जिला कलेक्टर से दुर्घटना स्थल पर सुरक्षित बचाए गए यात्रियों के आवास विवरण, उनके गृहनगर लौटने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था, भोजन और पेयजल सहित सुविधाओं के बारे में भी जानकारी ली।”