प्रियंका गांधी का जन्मदिन बनाने पहुंचे कार्यकर्ता भिड़े, कांग्रेस दफ्तर में ही जमकर चले लात-घूंसे

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के जन्मदिन पर ही कांग्रेस कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। जन्मदिन मनाने के लिए पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ता देखते ही देखते मारपीट पर उतारू हो गए। एक-दूसरे पर लात-घूंसों की बारिश होने लगी। मारपीट के चलते कांग्रेस कार्यालय पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि कुछ लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की लेकिन मारपीट जारी रही। किसी ने इसका वीडियो बनाया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। हालांकि शाम होते ही दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया, लेकिन तब तक वीडियो वायरल हो चुका था। हिन्दुस्तान इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता।

वायरल वीडियो के अनुसार सोमवार को बिजनौर जिला कांग्रेस कार्यालय में प्रियंका गांधी का जन्मदिन मनाया जा रहा था। कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस अल्पसंख्यक सभा के एक पदाधकारी और झालू के एक पदाधिकारी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बात इतनी बढ़ गई कि दोनों ओर से लात-घूंसे चलने लगे और कुछ देर तक हंगामे का माहौल बना रहा। लोगों ने बताया कि विवाद की शुरुआत रोकटोक से हुई, जो बाद में हाथापाई में तब्दील हो गई। इसी दौरान किसी कार्यकर्ता ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

मारपीट के समय मौजूद वरिष्ठ नेता व पदाधिकारियों ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर अलग किया। अल्पसंख्यक सभा के पदाधिकारी का कहना है कि आपस में कुछ कहासुनी हुई थी, जो समस्या थी वह दूर हो गई। वहीं, झालू के पदाधिकारी ने कहाकि गलतफहमी हो गई थी, वह मेरे रिश्तेदार हैं, जो नाराजगी थी वो दूर हो गई। कांग्रेस जिलाध्यक्ष हेनरीता सिंह का फोन किसी करीबी ने उठाकर बताया कि अध्यक्ष जी बैठक में व्यस्त हैं।