कर्नाटक में बीते कुछ दिनों से चल रही सियासी हलचल पर कांग्रेस ने साफ संदेश दे दिया है। उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार के समर्थकों की तरफ से लगातार यह मांग उठ रही थी कि राज्य में नेतृत्व परिवर्तन हो और सिद्धारमैया की जगह डीके शिवकुमार को मुख्यमंत्री बनाया जाए। लेकिन कांग्रेस हाईकमान की ओर से भेजे गए वरिष्ठ नेता रणदीप सुरजेवाला ने इन मांगों को सिरे से खारिज कर दिया।
मीडिया से बातचीत के दौरान सुरजेवाला ने स्पष्ट शब्दों में कहा,
“यदि आपका सवाल है कि क्या कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन होने जा रहा है, तो मेरा जवाब है – नहीं।”
सुरजेवाला ने आगे कहा कि कुछ विधायकों की तरफ से नेतृत्व परिवर्तन की बात कही जा रही है, लेकिन पार्टी में ऐसे मामलों को सार्वजनिक रूप से उठाना सही तरीका नहीं है।
“यदि विधायकों को कोई समस्या है, तो वे पार्टी फोरम पर बात करें। अगर संगठन से जुड़ी कोई बात है तो प्रदेश अध्यक्ष से संपर्क करें और यदि सरकार से जुड़ी समस्या है तो मुख्यमंत्री से संवाद करें।”
इस प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान डी.के. शिवकुमार सुरजेवाला के बगल में बैठे थे। उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी और पूरी बातचीत के दौरान शांत बने रहे। उनके चेहरे पर हल्की उदासी नजर आ रही थी, जिसे वह छुपाने की कोशिश करते दिखे।
कांग्रेस का यह रुख साफ तौर पर बताता है कि फिलहाल सिद्धारमैया के नेतृत्व पर पार्टी को भरोसा है और डीके शिवकुमार को अभी और इंतजार करना पड़ सकता है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह बयान कांग्रेस के अंदर जारी खींचतान को शांत करने की एक कोशिश है, ताकि लोकसभा चुनावों के बाद संभावित अंदरूनी असंतोष को रोका जा सके।