Epstein Files: अमेरिकी न्याय विभाग ने जारी की अंतिम सूची, ट्रंप से लेकर बिल गेट्स तक बड़े नाम सामने

Epstein Files Released: Jeffrey Epstein Case में Donald Trump, Bill Gates समेत कई बड़े नाम उजागर


Epstein Files: अमेरिकी न्याय विभाग ने जेफरी एपस्टीन से जुड़े लाखों दस्तावेज सार्वजनिक किए। ट्रंप, बिल गेट्स, एलन मस्क समेत कई चर्चित नामों का जिक्र।


अमेरिकी न्याय विभाग ने कुख्यात यौन अपराधी जेफरी एपस्टीन से जुड़े दस्तावेजों की नई और अंतिम सूची सार्वजनिक कर दी है। इस खुलासे ने अमेरिका समेत पूरी दुनिया में हलचल मचा दी है, क्योंकि इन फाइलों में राजनीति, बिजनेस और मनोरंजन जगत के कई बड़े और प्रभावशाली नाम सामने आए हैं।

न्याय विभाग द्वारा जारी इस अंतिम बैच में 30 लाख से अधिक पेज, 1 लाख 80 हजार तस्वीरें और करीब 2000 वीडियो क्लिप्स शामिल हैं। ये सभी दस्तावेज एपस्टीन के नाबालिग लड़कियों के यौन शोषण और सेक्स ट्रैफिकिंग नेटवर्क से जुड़ी जांच का हिस्सा रहे हैं। एपस्टीन की 2019 में जेल में संदिग्ध हालात में मौत के बाद ये फाइलें FBI और अमेरिकी न्याय विभाग के पास सुरक्षित थीं।

साल 2025 में पारित Epstein Files Transparency Act के तहत अब इन्हें सार्वजनिक किया गया है। हालांकि अधिकारियों ने साफ किया है कि इन फाइलों में दर्ज कई बातें असत्यापित आरोप, गवाहों के बयान या टिप्स के रूप में दर्ज हैं, जिनका मतलब यह नहीं कि संबंधित व्यक्ति दोषी ही है।

नई एपस्टीन फाइल्स में सामने आए प्रमुख नाम

डोनाल्ड ट्रंप
ताजा बैच में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का नाम भी सामने आया है। एक हिस्से में दावा किया गया है कि एक महिला मित्र ने रिपोर्ट दी थी कि करीब 25 साल पहले न्यू जर्सी में ट्रंप ने एक नाबालिग लड़की के साथ कथित तौर पर ओरल सेक्स के लिए दबाव बनाया। दस्तावेजों के मुताबिक उस वक्त लड़की की उम्र लगभग 13–14 साल बताई गई है। हालांकि यह बयान रेडैक्टेड स्रोत के जरिए दर्ज किया गया है और इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

इवांका ट्रंप
फाइलों में इवांका ट्रंप का जिक्र एक ईमेल के संदर्भ में है, जिसमें लिखा गया है कि जैरेड कुशर और इवांका ट्रंप पत्रकार विकी वार्ड की किताब के लिए तैयारी कर रहे हैं।

एलन मस्क
दुनिया के सबसे अमीर व्यक्तियों में शामिल एलन मस्क का नाम एपस्टीन के निजी द्वीप से जुड़ी संभावित यात्राओं के संदर्भ में दर्ज है। हालांकि फाइलों में उनके खिलाफ किसी ठोस आरोप का उल्लेख नहीं किया गया है।

बिल गेट्स
माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक बिल गेट्स के खिलाफ भी फाइलों में गंभीर आरोपों का जिक्र है। दस्तावेजों में दावा किया गया है कि उनके रूसी महिलाओं के साथ संबंधों के चलते एसटीडी होने की बात सामने आई थी।

इन चर्चित हस्तियों के नाम भी शामिल

नई एपस्टीन फाइल्स में कई और बड़े नाम सामने आए हैं, जिनमें शामिल हैं:
एहुद बाराक, लैरी समर्स, बिल रिचर्डसन, प्रिंस एंड्र्यू, सारा फर्ग्यूसन, माइकल जैक्सन, मिक जैगर, केविन स्पेसी, डायना रॉस, क्रिस टकर, वॉल्टर क्रॉनकाइट, वुडी एलन, रिचर्ड ब्रैनसन, पीटर थील, लेस वेक्सनर, नोम चॉम्स्की और स्टीफन हॉकिंग।

न्याय विभाग ने स्पष्ट किया है कि इन दस्तावेजों में दर्ज कई नाम जांच के दौरान सामने आए संदर्भों, संपर्कों या गवाहियों के आधार पर शामिल हैं। इसका यह मतलब नहीं कि सभी पर लगे आरोप सही या प्रमाणित हैं।

क्यों अहम हैं एपस्टीन फाइल्स

एपस्टीन फाइल्स को सार्वजनिक करने का मकसद अमेरिकी न्याय प्रणाली में पारदर्शिता बढ़ाना और यह दिखाना है कि जांच में किसी भी प्रभावशाली व्यक्ति को छूट नहीं दी गई। इन दस्तावेजों से यह भी सामने आता है कि कैसे दशकों तक एक अंतरराष्ट्रीय सेक्स ट्रैफिकिंग नेटवर्क काम करता रहा और कई ताकतवर लोग उसके संपर्क में रहे।

फिलहाल, इन खुलासों के बाद अमेरिका और दुनिया भर में राजनीतिक और सामाजिक बहस तेज हो गई है। आने वाले दिनों में इन फाइलों के आधार पर नई जांच या कानूनी कार्रवाइयों की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा है।