हरियाणा में अग्निवीरों के लिए खुशखबरी, सैनी सरकार ने लिया बड़ा फैसला

हरियाणा विधानसभा चुनाव से पहले राज्य की सैनी सरकार ने अग्निवीरों को बड़ी खुशखबरी दी है। अग्निवीरों को हरियाणा में कई पदों पर भर्तियों में 10 फीसदी का आरक्षण मिलेगा। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा, “पीएम मोदी द्वारा 14 जून 2022 को अग्निपथ योजना लागू की गई है। इस योजना के तहत अग्निवीरों को 4 साल के लिए भारतीय सेना में तैनात किया जाता है। हमारी सरकार हरियाणा में अग्निवीरों को राज्य सरकार द्वारा भर्ती किए जाने वाले कांस्टेबल, माइनिंग गार्ड, फॉरेस्ट गार्ड, जेल वार्डन और एसपीओ के पदों पर सीधी भर्ती में 10% आरक्षण देगी।”

बता दें कि कुछ महीनों के बाद हरियाणा, महाराष्ट्र आदि में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। हरियाणा में अग्निवीर योजना बहुत बड़ा मुद्दा है। राज्य से बड़ी संख्या में युवा भारतीय सेना की तैयारी करते हैं। वहीं, संसद में नेता विपक्ष राहुल गांधी समेत पूरी कांग्रेस ने अग्निवीर योजना को रद्द करने की मांग की है। संसद में भी कांग्रेस अग्निवीर मुद्दे पर केंद्र सरकार पर हमलावर रही है। ऐसे में हरियाणा सरकार ने अब राज्य की भर्तियों में अग्निवीरों को आरक्षण देने का निर्णय किया है।