असम में एक बार फिर से हिमंत बिस्वा सरमा के मुख्यमंत्री बनने का रास्ता साफ हो गया है। रविवार को गुवाहाटी में असम विधानसभा की विधायक दल की बैठक के दौरान भाजपा और एनडीए सहयोगियों के विधायकों ने हिमंत को सर्वसम्मति के साथ अपना नेता चुना। इस बैठक में एनडीए के असम में मौजूद सभी 82 विधायक उपस्थित रहे। इसके अलावा पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व की तरफ से पर्यवेक्षक के रूप में नियुक्त किए गए केंद्रीय मंत्री जे पी नड्डा और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायाब सिंह सैनी भी मौजूद रहे।
भाजपा और एनडीए विधायक दल द्वारा हिमंत को नेता चुने जाने के बाद केंद्रीय मंत्री जे पी नड्डा ने इसका ऐलान किया। उन्होंने कहा, “असम में नए विधायक दल के नेता के चुनाव की प्रक्रिया अब पूरी हो चुकी है। हमें भाजपा की तरफ से 8 और सहयोगी पार्टियों एजीपी और बीपीएफ की ओर से हिमंत सरमा के नाम से ही प्रस्ताव मिले हैं। इन प्रस्तावों का अन्य सदस्यों ने समर्थन किया है। इसके आधार पर मैं आधिकारिक रूप से उन्हें भाजपा और एनडीए सहयोगियों के नेता के तौर पर घोषित करता हूं।”
इसके बाद सभी ने मिलकर हिमंत बिस्वा सरमा का सम्मान किया और उन्हें एक बड़ी फूलों की माला पहनाई। वहां पर मौजूद विधायक दल को संबोधित करते हुए हिमंत ने पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और असम की जनता का धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा, “यह भाजपा और हमारे सहयोगियों के लिए गर्व का क्षण है। हम असम में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने में सफल हुए हैं। मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद करता हूं, जिनके नेतृत्व में हमने यह दिन देखा है। चुनाव प्रचार के समय उनकी भागीदारी और केंद्र और राज्य सरकार द्वारा पिछले 12 वर्षों में किए गए काम की वजह से हमें जनता का आशीर्वाद मिला है। मैं प्रधानमंत्री और जनता को आश्वस्त करता हूं कि अगले पांच वर्षों तक हम असम के विकास के लिए निरंतर मेहनत करेंगे।”
बता दें, भाजपा और उसके सहयोगियों ने राज्य में कुल 126 सीटों पर जीत दर्ज की है। इसमें से 82 सीटों पर भाजपा ने विजयी पताका फहराई तो वहीं दस-दस सीटों पर सहयोगी पार्टियां जीतकर आई हैं। इस प्रकार असम में एनडीए गठबंधन के विधायकों की संख्या कुल मिलाकर 102 पर पहुंच गई है। इस कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री अपने सहयोगियों के साथ लोकभवन जाकर राज्यपाल से मुलाकात करके सरकार बनाने का औपचारिक दावा पेश करेंगे। आपको बता दें, भाजपा की नई सरकार का शपथ ग्रहण कार्यक्रम 12 मई को गुवाहाटी में आयोजित होगा। , जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, कई अन्य केंद्रीय मंत्री तथा भाजपा और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री शामिल होंगे।