कैसे बंद हो गया प्लेन का फ्यूल स्विच? अहमदाबाद विमान क्रैश पर एक्सपर्ट्स ने जताई बड़ी आशंका

12 जून को जब अहमदाबाद में प्लेन क्रैश हुआ तो सबके दिमाग एक ही सवाल आया कि आखिर इतनी बार जांच से गुजरने के बाद भी कोई प्लेन कैसे क्रैश हो गया। सवालों के जवाब के लिए अलग-अलग एक्सपर्ट्स ने अपनी राय दी, लेकिन सबकी निगाहें आधिकारिक जांच रिपोर्ट पर टिकी थीं। एक महीन के बाद जब प्लेन क्रैश की जांच की आधिकारिक रिपोर्ट आई तो पता चला कि प्लेन का फ्यूल स्विच अचानक नीचे हो गया था, इसलिए विमान क्रैश हो गया। अब भी कुछ सवाल हैं, जिनका जवाब नहीं मिल पाया है। इन सवालों के जवाब देते हुए विमान संचालन की जानकारी रखने वाले एक्सपर्ट्स ने अपनी राय बताई है। आइए जानते हैं।

क्या हो सकता है फ्यूल स्विच बंद होने का कारण

अहमदाबाद प्लेन क्रैश को लेकर शुक्रवार को जब एएआईबी की रिपोर्ट आई तो उसमें फ्यूल स्विच गिरने की बात सामने आई। लेकिन वो फ्यूल स्विच गिरा कैसे यह साफ नहीं हो पाया है। हालांकि, इस मामले पर रिपोर्ट में एक रिकॉर्डिंग का जिक्र किया गया है, जिसमें एक पायलट दूसरे से पूछता है कि फ्यूल स्विच क्यों गिरा दिया, और जवाब आता है कि मैंने ये फ्यूल स्विच नहीं गिराया। इस मामले पर अब एक्सपर्ट्स ने अपनी राय दी है। भारतीय पायलट महासंघ के अध्यक्ष चरणवीर सिंह रंधावा ने कहा कि इस रिपोर्ट से यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कॉकपिट का नियंत्रण किसके पास था, ऐसे में यह दुर्घटना का पावर सप्लाई बंद होने या सॉफ्टवेयर में किसी तरह की खराबी की ओर इशारा करता है।

भारतीय पायलट संघ के अध्यक्ष रंधावा ने कहा कि विमान को साथी पायलट उड़ा रहे थे, जबकि कैप्टन प्लेन को कमांड कर रहे थे और उसकी निगरानी कर रहे थे। इसलिए अभी तक कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है कि इतना बड़ा निर्णय किसने लिया। हालांकि, रिकॉर्डिंग जांच एजेंसी के पास है और कॉकपिट की रिकॉर्डिंग से साफ हो जाता है कि कमांड करने वाली आवाज किसकी थी। वॉयस रिकॉर्डर में आवाज साफ आती है।