एकदम बाबू बनकर जा रहा हूं; नाराजगी की अटकलों पर प्रवेश वर्मा का जवाब

दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का 27 साल का लंबा इंतजार गुरुवार को खत्म हो गया। राजधानी के रामलीला मैदान में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने छह मंत्रियों के साथ पद और गोपनीयता की शपथ ली। अरविंद केजरीवाल के खिलाफ जीत हासिल करने के बाद से जिस प्रवेश वर्मा को मुख्यमंत्री पद का सबसे प्रबल दावेदार माना जा रहा था, उन्होंने मंत्री पद की शपथ ली।

बुधवार शाम रेखा गुप्ता के नाम की घोषणा होने के बाद से ही प्रवेश वर्मा की नाराजगी की अटकलें लगाई जाने लगीं। सोशल मीडिया पर लोग प्रवेश वर्मा की तस्वीरें साझा करते हुए फेस रीडिंग की कोशिश करने लगे। अब प्रवेश वर्मा ने खुद इन अटकलों को खारिज किया है। उन्होंने कहा कि पता नहीं कहां से इस तरह की बातें आ रही हैं। शपथ ग्रहण के लिए जाते समय उन्होंने अटकलों पर खुद विराम लगाया।

काहे को नाराजगी…: प्रवेश वर्मा
शपथ ग्रहण के लिए जाते समय घर से निकलने के बाद प्रवेश वर्मा ने न्यूज 18 से बातचीत में नाराजगी की बातों को सिरे से नाकर दिया। नाराजगी से जुड़े सवाल पर प्रवेश वर्मा ने कहा, ‘मैं तो सूट-बूट पहनकर… एकदम बाबू बनकर (चेहरे पर मुस्कान के साथ) जा रहा हूं। काहे को नाराजगी है, ये केवल… कहां से ये बातें आ रही हैं।’ पूर्व सांसद प्रवेश वर्मा ने विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल को 4 हजार से अधिक वोटों से हराया। इसके अलावा जाट बहुल सभी 10 सीटों पर भी भाजपा को जीत मिली है। इन वजहों से प्रवेश वर्मा को सीएम पद का सबसे मजबूत दावेदार बताया जा रहा था।

प्रवेश वर्मा की बहन ने कहा- वह खुश हैं, जिम्मेदारी निभाएंगे
प्रवेश वर्मा की बहन ने भी नाराजगी की अटकलों को खारिज किया। उन्होंने शपथ ग्रहण में जाते समय पत्रकारों से बातचीत में कहा, ‘प्रवेश जी ने एक कार्यकर्ता की तरह काम किया है वह आगे भी एक सच्चे सिपाही की तरह काम करेंगे। पार्टी जो भी जिम्मेदारी देती है वह हमारे सिर माथे, पार्टी ने हमेशा प्रवेश जी के लिए अच्छा ही सोचा है, अच्छी ही सोचती रहेगी। प्रवेश जी को जो जिम्मेदारी दी जाएगी उसे वह पूरी मेहनत से निभाएंगे। प्रवेश जी बहुत खुश हैं, वह निश्चिंत हैं। पार्टी ने जो जिम्मेदारी दी है, उसे निभाएंगे।’