Aaj ka Mausam: देश के कई राज्यों में इन दिनों भीषण गर्मी का दौर जारी है। कई जगहों पर अधिकतम तापमान 40 डिग्री के पार जा चुका है। इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने एक राहत वाली खबर दी है। आईएमडी का कहना है कि देश के कुछ राज्यों में आंधी-तूफान के साथ बारिश हो सकती है। इसके कारण वहां तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी और लोगों को तपती गर्मी से राहत मिल सकती है।
आईएमडी के मुताबिक, देश की राजधानी दिल्ली सहित उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में सूरज की तपिश जानलेवा होती जा रही है। 24 अप्रैल को उत्तर प्रदेश का प्रयागराज 45.2°C तापमान के साथ देश का सबसे गर्म स्थान रहा। मौसम विभाग ने पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में अगले 2-3 दिनों तक भीषण लू (Heat Wave) चलने की चेतावनी दी है। इसके अलावा, उत्तर प्रदेश में 27 अप्रैल तक तापमान में 2-3°C की और वृद्धि होने की संभावना है।
पूर्वोत्तर के राज्यों के लिए अगले कुछ दिन काफी चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं। अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में 27 से 30 अप्रैल के दौरान मूसलाधार बारिश होने की प्रबल संभावना है। असम और मेघालय में 26 और 27 अप्रैल को 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से भीषण तूफान की भी चेतावनी दी गई है। भारी बारिश के कारण इन क्षेत्रों में भूस्खलन और निचले इलाकों में जलभराव का खतरा बढ़ गया है।
मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिम बंगाल, सिक्किम और झारखंड में भी मौसम का मिजाज बिगड़ने वाला है। झारखंड में 26 अप्रैल को ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। वहीं, केरल, तटीय आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में मौसम गर्म और उमस भरा बना रहेगा, जिससे लोगों की बेचैनी बढ़ सकती है।
मौसम विभाग ने भारी बारिश वाले क्षेत्रों के लोगों को जलभराव वाले स्थानों से दूर रहने और यातायात परामर्शों का पालन करने की सलाह दी है। वहीं, लू प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त पानी पीने का सुझाव दिया गया है। किसानों को सलाह दी गई है कि वे ओलावृष्टि और भारी बारिश को देखते हुए अपनी तैयार फसलों की कटाई और सुरक्षा के उचित प्रबंध जल्द से जल्द कर लें।