नई दिल्ली। पंजाब नेशनल बैंक (PNB) घोटाले के आरोपी मेहुल चौकसी के प्रत्यर्पण को लेकर भारत सरकार ने बेल्जियम प्रशासन को विस्तृत जानकारी दी है। इसमें बताया गया है कि चौकसी को मुंबई की आर्थर रोड जेल के बैरक नंबर 12 में रखा जाएगा, जहां उन्हें 24 घंटे मेडिकल सुविधा उपलब्ध होगी।
जेल में मिलने वाली सुविधाएँ
भारत की ओर से बेल्जियम को लिखे गए पत्र में कहा गया है कि चौकसी के लिए जिस बैरक को तैयार किया गया है, वहां साफ-सफाई और हाइजीन का पूरा ध्यान रखा जाएगा।
-
चौकसी को मोटा रुई का गद्दा, तकिया, बेडशीट और कंबल मिलेगा।
-
धातु के फ्रेम वाला लकड़ी का बेड दिया जाएगा।
-
पर्याप्त लाइट, वेंटिलेशन और स्टोरेज की सुविधा होगी।
-
उन्हें साफ पीने का पानी मिलेगा।
-
हर दिन एक घंटे के लिए टहलने और व्यायाम करने की अनुमति होगी।
-
सबसे महत्वपूर्ण, 24 घंटे मेडिकल फैसिलिटी उपलब्ध रहेगी।
बेल्जियम कोर्ट में केस की सुनवाई
अगस्त में बेल्जियम की एक अदालत ने चौकसी की जमानत याचिका खारिज कर दी थी। अदालत ने माना कि अगर उन्हें जमानत पर छोड़ा गया तो वे किसी अन्य देश भाग सकते हैं। फिलहाल चौकसी की प्रत्यर्पण से जुड़ी बहस सितंबर के मध्य में बेल्जियम की अदालत में होगी।
घोटाले का मामला
गौरतलब है कि गीतांजलि समूह के मालिक 66 वर्षीय मेहुल चौकसी पर करीब 13 हजार करोड़ रुपये के घोटाले का आरोप है। वह लंबे समय से भारत से फरार थे और बेल्जियम में गिरफ्तार किए गए। भारत सरकार लगातार उनके प्रत्यर्पण की प्रक्रिया को आगे बढ़ा रही है।