खामेनेई की मौत के बाद नेतन्याहू की ईरानी लोगों से अपील, कहा- हाथ से मत जाने दो ऐसा मौका

इजरायली हमलों में ईऱान के सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह खामेनेई की मौत हो चुकी है। इन हमलों के बाद ईरान समेत दुनिया के तमाम देशों में शिया समुदाय के लोगों ने प्रदर्शन करना शुरू कर दिया है। अब इस घटनाक्रम के बाद इजरायल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने ईरानी लोगों से सड़क पर उतरकर सत्ता को अपने हाथ में लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि ऐसा मौका सदियों में एक बार आता है, इसलिए ऐसा मौका अपने हाथ से जाने मत दो, लाखों की संख्या में सड़कों पर उतरो और सत्ता को अपने हाथ में ले लो।

सोशल मीडिया साइट एक्स पर शेयर किए गए एक वीडियो संदेश में नेतन्याहू ने आने वाले दिनों में ईरान के खिलाफ अपने प्लान का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, “आने वाले दिनों में हम आतंकवादी शासन के ठिकानों के ऊपर हजारों की संख्या में हमला करेंगे। हम ईरान के बहादुर लोगों के लिए बेड़ियों से मुक्ति पाने की परिस्थितियां तैयार करेंगे। इस वजह से मैं एक बार फिर आप सभी (ईरानी लोगों) से अपील करता हूं, हे ईरान के नागरिकों, इस अवसर को हाथ से जाने मत दो। ऐसा मौका हर पीढ़ी में केवल एक बार आता है। शांति से मत बैठो, क्योंकि आपका समय आ चुका है।”

नेतन्याहू ने कहा, “यह ऐसा समय है, जब आपको सड़कों पर उतरना होगा, लाखों की संख्या में सड़कों पर आ जाएं, ताकि उस आतंकी शासन को उखाड़ फेंकने का आपका काम पूरा हो सके, जिसने आपके जीवन को कड़वा बना दिया है। आपका कष्ट, आपका बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा, जिस मदद का आप वर्षों से इंतजार कर रहे थे, अब वह आ चुकी है, अब आपकी बारी है, एकजुट होने की।”

अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए नेतन्याहू ने कहा, “हे ईरान के नागरिकों, फारसियों, कुर्दों, अजेरियों, अहवाजियों और बलूचियों अब समय आ गया है कि आप अपनी शक्तियों को एकजुट करके शासन को उखाड़ फेंकें और अपने भविष्य को सुरक्षित करें।”