विजय कैबिनेट में एकमात्र महिला, सबसे युवा और हिंदी समेत 5 भाषाओं पर कमांड; कौन हैं एस कीर्तना

तमिलनाडु में ऐक्टर विजय ने नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले ली है। पहली बार सीएम बने विजय के मंत्रिमंडल में कुल नौ मंत्री हैं। लेकिन इस कैबिनेट की सबसे बड़ी खासियत हैं एकमात्र महिला मंत्री एस कीर्तना। महज 29 साल की कीर्तना, हिंदी समेत पांच भाषाएं बोलने में सक्षम हैं। शपथ ग्रहण करने के बाद कीर्तना ने कहाकि नई सरकार गवर्नेंस के मामले में एक उदाहरण पेश करेगी। उन्होंने कहाकि यह बेहद अविश्वसनीय है क्योंकि किसी अन्य प्रदेश को इस तरह की कैबिनेट नहीं मिली है। इससे पहले हमें भी किसी ने इस तरह का मौका नहीं दिया है। अब हम दुनिया को दिखाएंगे कि सरकार किस तरह से चलाई जाती है।

कीर्तना विजय की पार्टी, टीवीके के टिकट पर तमिलनाडु के शिवकाशी से चुनी गई नई विधायक हैं। शिवकाशी को ‘भारत का पटाखों का शहर’ कहा जाता है। वह इस सीट से चुनाव जीतने वाली पहली महिला विधायक भी हैं। उन्होंने यहां पर सात दशकों से चले आ रहे पुरुषों के वर्चस्व को तोड़ा है। उन्होंने 11,697 वोटों से चुनाव जीता था। कीर्तना ने कांग्रेस के उम्मीदवार अशोकन जी को शिकस्त दी है।

कीर्तना का जन्म साल 1996 में विरुधनगर में हुआ था। उन्होंने तमिल मीडियम सरकारी स्कूल से अपनी पढ़ाई की है। बाद में मदुरई कामराज यूनिवर्सिटी से संबद्ध कॉलेज से मैथमेटिक्स में बीएससी किया। वहीं, साल 2019 में पुडुचेरी यूनिवर्सिटी से स्टैटिक्स में एमएससी किया।

सक्रिय राजनीति में आने से पहले कीर्तना, पाॉलिटिकल कंसल्टेंट और डिजिटल कैंपेन स्ट्रेटेजिस्ट के तौर पर काम कर चुकी हैं। उन्होंने शोटाइम कंसल्टेंट और आईपैक के लिए काम किया। बाद में उन्हें तेलेगु देशम पार्टी, टीएमसी और डीएमके द्वारा भी चुनावी कैंपेन के लिए बुलाया गया। बीते कुछ साल में कीर्तना ने पूर्व मुख्यमंत्री स्टालिन, ममता बनर्जी, आंध्र प्रदेश के सीएम चंद्रबाबू नायडू के साथ काम किया है। शपथ के बाद कीर्तना ने कहाकि आइए हम तमिलनाडु को एक नई सरकार देते हैं। यह प्रदेश में सेकुलर और सामाजिक न्याय के नए दौर की शुरुआत है।

कीर्तना कई भाषाएं बोलने में दक्ष हैं। इसमें भी खास बात हिंदी पर उनकी जबर्दस्त कमांड है। खासतौर पर तमिलनाडु जैसे गैर-हिंदी भाषी प्रदेश में यह उन्हें बेहद खास बनाता है। वह तमिल, तेलुगू और अंग्रेजी पर भी समान दक्षता रखती हैं। कीर्तना के मुताबिक अलग-अलग भाषाओं पर कमांड के चलते उन्हें अलग-अलग प्रदेशों में काम करने और वहां के लोगों से जुड़ने में बहुत आसानी हुई। उन्होंने कहाकि भाषाओं की जानकारी के चलते मुझे विभिन्न प्रदेशों में काम करने में आसानी हुई। कीर्तना ने बताया कि उन्होंने हिंदी बोलना इसलिए चुना, ताकि पूरे भारत के लोगों तक टीवीके चीफ विजय के संदेशों को पहुंचा सकें।

अपने कैंपेन के दौरान एस कीर्तना ने शिवकाशी में मौजूद जमीनी समस्याओं पर फोकस किया। उन्होंने कहाकि एक हाई रिस्क इंडस्ट्रियल हब होने के बावजूद इस क्षेत्र में महज एक फायर सर्विस स्टेशन है। इसके चलते इमरजेंसी होने पर बहुत मुश्किल हो सकती है। इसके अलावा क्षेत्र में सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी कमियों की तरफ भी उन्होंने ध्यान आकर्षित किया। अपने चुनावी वादों में कीर्तना ने क्षेत्र के लोगों को पटाखा इंडस्ट्री के लिए बेहतर सुरक्षा उपाय, बीमा कवरेज, महिलाओं के लिए समान वेतन, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और घातक केमिकल वाले इलाके में रहने वालों के लिए इलाज की बेहतर सुविधाओं की बात कही थी।