बॉलीवुड एक्टर सलमान खान पिछले कुछ वक्त से अपनी सुरक्षा को लेकर चर्चा में हैं। उनको जान से मारने की धमकियां भी मिल चुकी हैं। अब सलमान खान की सुरक्षा को लेकर एक और खबर सामने आई है। मुंबई पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है जो सलमान खान के मुंबई स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट में घुसने की कोशिश कर रही थी। मुंबई पुलिस उस महिला से पूछताछ कर रही है। बता दें, इससे पहले एक शख्स ने सलमान खान के घर में घुसने की कोशिश की थी।
न्यूज एजेंसी एएनआई की मानें तो एक महिला सलमान खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट में घुसने की कोशिश कर रही थी जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस महिला से पूछताछ कर रही है।
20 मई को एक शख्स को पुलिस ने किया गिरफ्तार
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, मुंबई पुलिस ने दो अनजान शख्स के खिलाफ केस दर्ज किया है। पहले जितेंद्र कुमार सिंह नाम के एक शख्स के खिलाफ 20 मई को सलमान खान की बिल्डिंग में घुसने के लिए केस दर्ज किया गया। बताया जा रहा है कि जितेंद्र छत्तीसगढ़ का रहने वाला है।
21 मई को एक महिला की हुई गिरफ्तारी
इसके बाद, पुलिस ने 21 मई को एक महिला को सलमान खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट में घुसने की कोशिश करने पर गिरफ्तार किया गया। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, जिस आदमी को 20 मई को गिरफ्तार किया गया है उसे सलमान खान के घर के बाहर तैनात पुलिस ने सुबह पौन दस बजे रोका। पुलिस ने पहले उस शख्स को वहां से जाने के लिए कहा, जिसके बाद उस शख्स ने वहां तमाशा किया। उसने अपना फोन जमीन पर फेंक कर तोड़ दिया। इसके बाद वो शख्स शाम को बिल्डिंग में रहने वाले एक शख्स की कार में वापस आया।
शाम को पुलिस ने उस शख्स को सवा सात बजे के करीब बिल्डिंग में पकड़ा। इसके बाद उस आदमी को बांद्रा पुलिस के हवाले कर दिया गया। उस शख्स ने अपनी सफाई देते हुए पुलिस को बताया, “मैं सलमान खान से मिलना चाहता था, लेकिन पुलिस मुझे उनसे मिलने नहीं दे रही थी, तो मैं छिपने की कोशिश कर रहा था।” बता दें, सलमान खान गैलेक्सी अपार्टमेंट में अपने परिवार के साथ रहते हैं।