सत्येन्द्र जैन को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में डेढ़ साल बाद मिली जमानत

रणघोष अपडेट. नई दिल्ली 

आप नेता सत्येन्द्र जैन को डेढ़ साल बाद अब ज़मानत मिली है। दिल्ली की एक अदालत ने शुक्रवार को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में यह बेल दी। उनको ईडी ने 30 मई, 2022 को मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में गिरफ्तार किया था। गिरफ़्तारी के डेढ़ साल और केस दर्ज होने के दो साल बाद भी अभी तक ट्रायल शुरू नहीं हो पाया है।

जमानत देते हुए राउज एवेन्यू कोर्ट ने जैन की लंबी हिरासत का हवाला दिया और मनीष सिसोदिया के मामले में सुप्रीम कोर्ट के फैसले का हवाला देते हुए मौलिक अधिकार के रूप में त्वरित सुनवाई के अधिकार पर जोर दिया। पीटीआई ने विशेष न्यायाधीश विशाल गोगने के हवाले से कहा, ‘मुकदमे में देरी और 18 महीने की लंबी कैद और इस तथ्य को देखते हुए कि मुकदमे को शुरू होने में लंबा समय लगेगा, आरोपी राहत का हकदार है।’अदालत ने अपना फ़ैसला सुनाते हुए व्यक्तिगत स्वतंत्रता के महत्व पर जोर दिया, खासकर जब पीएमएलए जैसे कठोर क़ानूनों से जुड़े मामलों की बात आती है। अदालत का आदेश मनीष सिसोदिया मामले में सर्वोच्च न्यायालय के फ़ैसले पर काफी हद तक निर्भर था, जिसने त्वरित सुनवाई के अधिकार के संबंध में एक मिसाल कायम की।मामले की पैरवी कर रहे ईडी ने जैन की जमानत याचिका का कड़ा विरोध किया। हालांकि, कोर्ट ने कहा कि जैन पहले ही हिरासत में काफी समय बिता चुके हैं और निकट भविष्य में मुकदमा शुरू होने की संभावना नहीं है, निकट भविष्य में मुक़दमा पूरा होने की तो बात ही दूर है।अदालत ने जैन को 50 हज़ार रुपये के निजी मुचलके पर जमानत दी। जमानत की शर्तों के तहत जैन को मामले से संबंधित किसी भी गवाह या व्यक्ति से संपर्क करने और किसी भी तरह से मुक़दमे को प्रभावित करने से प्रतिबंधित किया गया है। इसके अलावा आप नेता को अदालत की पूर्व अनुमति के बिना भारत से बाहर यात्रा करने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और संजय सिंह के बाद जैन चौथे आप के बड़े नेता हैं जिन्हें विभिन्न धन शोधन मामलों में जमानत दी गई है।फ़ैसले पर प्रतिक्रिया में सत्येंद्र जैन ने कहा – ‘सत्यमेव जयते।’ आम आदमी पार्टी ने भी अपनी प्रतिक्रिया कुछ इसी तरह की दी है।दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा, ‘सत्येंद्र जैन को भी दो साल से ज़्यादा जेल में रहने के बाद बेल मिल गई। इनका कसूर क्या था? इनके यहाँ कई कई बार रेड हुई। एक पैसा भी नहीं मिला। इनका क़सूर सिर्फ़ इतना था कि इन्होंने मोहल्ला क्लिनिक बनाये और दिल्ली के सभी लोगों का पूरा इलाज मुफ्त कर दिया। मोहल्ला क्लिनिक बंद करने के लिए और ग़रीबों का फ्री इलाज रोकने के लिए मोदी जी ने इन्हें जेल में डाल दिया। लेकिन भगवान हमारे साथ है। आज ये भी रिहा हो गए। स्वागत है सत्येंद्र!’ मनीष सिसोदिया ने कहा, ‘सत्यमेव जयते। देश का संविधान ज़िंदाबाद। तानाशाह की तानाशाही एक बार फिर तमाचा। झूठे और बेनुनियाद आरोप लगाकर सत्येंद्र जैन को इतने लंबे समय जेल में रखा। चार बार उनके घर पर रेड की। कुछ मिला नहीं फिर भी पीएमएलए का झूठा केस बनाकर जेल में डालकर रखा। देश की न्यायपालिका को सच और न्याय का साथ देने के लिए धन्यवाद।’