वह 11 साल के लड़के के पेट पर बैठ जाती है। फिर लगातार मुक्कों से उसपर हमला करने लगती है। बच्चे का बाल पकड़कर नोचने लगती है। उसका सिर जोर-जोर से जमीन पर पटकती हुई दिखती है। वायरल हो रहे वीडियो में हैवानियत की हदें पार करने वाली कोई और नहीं बल्कि उस मासूम की मां निकली। जन्म देने वाली मां अपने बेटे को पीटते हुए चिल्लाकर कहती है, ‘बनाओ इसका वीडियो।’ यह देवभूमि उत्तराखंड के हरिद्वार के झबरेडा का मामला है।
मां की दरिंदगी का वीडियो वायरल हो गया है। वीडियो में मासूम रो-रोकर चिल्ला रहा है। वह पीने के लिए पानी मांग रहा है। लेकिन उसकी मां लगातार पीट रही है। वह उसका दोनों हाथ पकड़कर उसके छाती को दांत से काटने लगती है। ऐसा वह दो बार करती है। बेटे का मुंह नोचकर गला दबाने लगती है। मासूम अपनी मां को पीछे हटाने की कोशिश करता है। लेकिन उसकी मां गर्दन मोड़ देती है। फिर वह उसे लात मारकर भगा देती है।
जानबूझ कर बनाया गया वीडियो
हैवानियत करने वाली मां की पहचान प्रियंका के रूप में हुई है। आजतक की रिपोर्ट के मुताबिक, महिला ने अपने बड़े बेटे (12 साल) से यह वीडियो रिकॉर्ड कराया था। बेटे को पीटने वाला वीडियो उसने अपने पति को भेज दिया जो उससे अलग रहता है। बताया जा रहा है कि महिला और उसके पति के बीच कई सालों से विवाद चल रहा है। अपने पति को सबक सिखाने के लिए महिला ने यह वीडियो बनाया।
सच में नहीं मारा, बस दिखावे के लिए पीटा: महिला
जानकारी के मुताबिक, यह वीडियो करीब दो महीने पहले का है। महिला ने वीडियो बनवाकर अपने पति को भेज दिया था। पति ने इसे सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। इस मामले पर महिला ने बताया कि वह एक दुकान में काम कर के घर का खर्च चलाती है। अपने पति को सबक सिखाने और डराने के लिए उसने वीडियो बनाया। उसने यह भी कहा कि वह अपने बेटे को सच में नहीं मार रही थी, वह बस दिखावा कर रही थी। हालांकि वीडियो देख सोशल मीडिया पर लोग भड़क गए हैं। लोगों ने महिला के खिलाफ सख्त ऐक्शन की मांग की है।
पुलिस ने लिया ऐक्शन
जानकारी के मुताबिक, हरिद्वार पुलिस ने महिला और उसके बच्चे को चाइल्ड वेलफेयर कमेटी के सामने पेश किया। वहां दोनों की काउंसलिंग की गई। पुलिस और चाइल्ड वेलफेयर कमेटी महिला और उसके बेटे पर नजर रखेगी। पूरे मामले की जांच की जा रही है।