Tej Pratap Yadav Gives 10/10 to Modi Government | लालू यादव का राज खत्म?
तेजप्रताप यादव ने पॉडकास्ट में मोदी सरकार को 10 में 10 नंबर दिए, लालू राज खत्म बताया और राजद की हार के लिए 5-6 जयचंदों को जिम्मेदार ठहराया।
लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और जनशक्ति जनता दल (JJD) के प्रमुख तेजप्रताप यादव एक बार फिर अपने बेबाक बयान को लेकर सुर्खियों में हैं। एक पॉडकास्ट इंटरव्यू में तेजप्रताप यादव ने जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की खुलकर तारीफ की, वहीं उन्होंने यह भी कह दिया कि अब “लालू यादव का राज खत्म हो चुका है।” उनके इस बयान ने बिहार की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है।
यूट्यूबर प्रियंका शर्मा के साथ हुए इस पॉडकास्ट में तेजप्रताप यादव ने कई संवेदनशील राजनीतिक मुद्दों पर बिना लाग-लपेट अपनी राय रखी। जब उनसे पूछा गया कि बिहार विधानसभा चुनाव में राजद के 25 सीटों पर सिमटने की एक वजह उनका अलग होना भी है क्या, तो उन्होंने साफ कहा कि जब सम्मान नहीं मिलता तो रास्ते अलग करने पड़ते हैं। तेजप्रताप यादव ने कहा कि वह मान-सम्मान के लिए राजनीति करते हैं और जब वह नहीं मिला तो उन्होंने अपनी अलग लकीर खींच ली।
बिहार चुनाव के दौरान टिकट बंटवारे को लेकर राष्ट्रीय जनता दल पर पैसे मांगने के आरोप लगे थे। इस पर तेजप्रताप यादव ने बेबाकी से स्वीकार किया कि यह सब “जयचंदों” की करतूत हो सकती है। उन्होंने कहा कि ऐसे 5-6 जयचंद हैं, जिनके नाम सबको पता हैं, लेकिन वह खुद किसी का नाम नहीं लेंगे। उन्होंने यह भी इशारा किया कि ये लोग आज भी परिवार के भीतर ही मौजूद हैं और पार्टी की हार की बड़ी वजह बने।
तेजस्वी यादव के विदेश दौरे को लेकर भी तेजप्रताप यादव ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जब पार्टी चुनाव हारती है तो तुरंत समीक्षा बैठक होनी चाहिए थी। उनके मुताबिक राजद की हार का असली कारण बाहरी विरोधी नहीं बल्कि वही 5-6 लोग हैं, जिन्हें वह जयचंद कहते हैं। उन्होंने कहा कि बड़े भाई होने के नाते उन्होंने अपना कर्तव्य निभा दिया है।
इंटरव्यू में तेजप्रताप यादव ने अपनी मां राबड़ी देवी और बहन रोहिणी आचार्य को लेकर भी भावुक बातें कहीं। उन्होंने बताया कि वह मां का आशीर्वाद लेने गए थे और मां ने उन्हें आगे बढ़ने का आशीर्वाद दिया। बहन रोहिणी को लेकर उन्होंने कहा कि वह बहुत अच्छी हैं और उन्होंने पिता के लिए किडनी तक दान की है।
सबसे ज्यादा चर्चा उनके उस बयान की हो रही है जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 10 में से 10 नंबर दिए। तेजप्रताप यादव ने कहा कि मोदी पूजा-पाठ करते हैं और वह खुद भी पूजा-पाठ में विश्वास रखते हैं, इसलिए उन्हें पूरे नंबर दिए। उन्होंने यह भी जोड़ा कि अगर मोदी ऐसा नहीं करते, तो शायद नंबर कट जाते। साथ ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर उन्होंने कहा कि उनमें कोई बड़ी कमी नहीं है, सिर्फ एक विवादित वीडियो की वजह से उनकी छवि पर सवाल उठे।
तेजप्रताप यादव के इन बयानों को बिहार की राजनीति में बड़े संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। खासकर मोदी सरकार की खुलकर तारीफ और “लालू राज खत्म” जैसे शब्द आने वाले राजनीतिक समीकरणों पर गहरा असर डाल सकते हैं।