गुजरात के अमरेली जिले में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां मंगलवार रात 75 साल के एक बुजुर्ग को तेंदुए ने मार डाला। घटना के मुताबिक, वह घर के आंगन में सो रहे थे, तभी तेंदुए ने उन्हें शिकार बना लिया। हैरानी की बात यह है कि बुजुर्ग का एक हाथ जंजीर से बंधा मिला है।
पुलिस पता लगा रही है कि बुजुर्ग को जंजीर से किसने और क्यों बांधा था? धारी तहसील के अमृतपुर गांव में रहने वाले मनुभाई सावलिया घर में अकेले रहते थे। वे रोज रात में आंगन में ही सोया करते थे। बुधवार सुबह एक पड़ोसी ने देखा कि उनका खून से सना शव जमीन पर पड़ा है। उसने तुरंत गांववालों को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलने पर पुलिस के साथ वन-विभाग की टीम मौके पर पहुंची।
जांच के बाद वन-विभाग के CCF दुष्यंत वसावा ने बताया कि, घटनास्थल के आसपास तेंदुए के पंजों के निशान मिले हैं। डॉक्टरी जांच में भी मौत की वजह तेंदुए का हमला बताया गया। शव बहुत बुरी हालत में था। तेंदुए ने चेहरे के अलावा कई अंग नोंचकर खा लिए थे। वन विभाग की टीम अब इस तेंदुए को तलाश रही है। साथ ही पुलिस पता लगाने में जुटी है कि बुजुर्ग का हाथ बंधा क्यों था?