आदमपुर उपचुनाव से सीधी सपाट बात

चुनाव प्रचार से पहले भजनलाल परिवार पर होमवर्क करके जाए भाजपा नेता


-इसका बखूबी अहसास राज्य के कैबिनेट मंत्री डॉ. बनवारीलाल को भी हो चुका है।


रणघोष खास. सीधा आमदपुर की जमीन से


हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल का वजूद तय करने जा रहा आदमपुर उपचुनाव में प्रचार करने पहुंचे भाजपा नेता एवं मंत्रियों के सामने कई दिक्कतें खड़ी हो रही हैं। वह है भजनलाल परिवार के बारे मे पूरी जानकारी नहीं होना। पत्रकार किस सवाल में भाजपा नेता को बुरी तरह घेर ले। इसका बखूबी अहसास राज्य के कैबिनेट मंत्री डॉ. बनवारीलाल को भी हो चुका है। भाजपा प्रत्यशी भव्य बिश्नोई के चुनाव प्रचार में पहुंचे डॉ. बनवारीलाल ने कुछ सवालों के जवाबों  को काफी हद तक समझदारी से टाल दिया लेकिन भ्रष्टाचार पर वे पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल को भी लपेट गए। भव्य बिश्नोई भजनलाल के पोते हैं। आदमपुर में भाजपा से ज्यादा इस परिवार की प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई है। डॉ. बनवारीलाल का कहना था कि नौकरियों में पारदर्शिता मनोहरलाल की सरकार में आई है। इससे पहले की सरकारों में भ्रष्टाचार का बोलबाला था। इस मानसिकता से यह साबित होता है कि भाजपा में आने से पहले तक कोई भी नेता दागदार एवं घोटालेबाज होता है। पार्टी में आते ही सारे दाग धुल जाते हैं। देखा जाए तो भजनलाल और उसके बाद कुलदीप बिश्नोई की तकरीबन राजनीति भाजपा के खिलाफ में रही है। वे पूरी तरह से कांग्रेसी रहे हैं। ऐसे में बिश्नोई की भाजपा के खिलाफ गई टिप्पणी, बयानबाजी एवं भाषण की विडियो का भी जमकर प्रयोग किया जा रहा है। कुल मिलाकर आदमपुर में भाजपा नेताओं के लिए भव्य बिश्नोई के पक्ष में प्रचार करना सहज नहीं है। उन्हें बेहद ही सोच समझकर बोलना पड़ेगा नहीं तो जुबान से निकले शब्द कब अनर्थ कर दें। कुछ कहा नहीं जा सकता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *