एस एन झुग्गी झोपड़ी स्कूल स्कूल में होली का त्यौहार नए अंदाज में मनाया गया। जिसमें बच्चों के लिए ड्राइंग कंपटीशन लड़कियों के लिए मेहंदी तथा रंगोली कंपटीशन एवं लड़के और लड़कियों के लिए अलग से रेस कंपटीशन करवाया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि प्रमुख समाज सेवी शुभम ठाकुर अपने साथियों के साथ उपस्थित थे। इस कार्यक्रम में बच्चों ने होली से संबंधित गीतों पर रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए। अरुण अजीत अनिकेत आकांक्षा वरुण सुंदर गीता तथा कुछ अन्य बच्चों ने जब होली की मस्ती का गीत गाया उपस्थित सभी मेहमानों ने तालियां बजाकर उनका हौसला बढ़ाया। स्कूल प्रिंसिपल श्रीमती प्रवीण मेहता ने अपने संबोधन में कहा कि इन साधन विहीन बच्चों में प्रतिभाएं तो बहुत है। इनको तराशने एवं सवारने के लिए आर्थिक संसाधन एवं छत की विशेष जरूरत है। शुभम ठाकुर ने अपने संबोधन में कहा कि मैं एवं मेरे साथी आदरणीय उपायुक्त महोदय से प्रार्थना करेंगे कि वह इस रेजांगला पार्क नजदीक पायलट चौक में इन बच्चों के पढ़ने के लिए एक शेड की परमिशन देवें। जिससे यह बच्चे धूप एवं बरसात से बच जाएंगे तथा वह शेड पार्क में सैर करने वाले लोगों के काम भी आएगा। शुभम ठाकुर जी एवं उनके साथियों ने स्कूल की आर्थिक मदद भी की एवं भविष्य में किसी भी प्रकार की जरूरत पड़ने पर सहायता करने का आश्वासन दिया। स्कूल के लिए निस्वार्थ भाव से बच्चों को पढ़ा रही कुमारी हिमांशी शर्मा ने इस पूरे कार्यक्रम का बहुत खूबसूरती से संचालन किया। अनुज यादव एडवोकेट ने सभी मेहमानों का स्वागत किया तथा कहा कि स्कूल को आर्थिक सहायता की बहुत जरूरत है क्योंकि अब यहां 150 से 200 बच्चे पढ़ते हैं जिनको 6 अध्यापिका एवं चार निस्वार्थ समाज सेवी आकर पढ़ाते हैं स्कूल के खर्चे अत्याधिक बढ़ गए हैं एवं अगला हमारा लक्ष्य इन बच्चों को गर्मियों में स्कूल ड्रेस तथा चप्पल भी देने का है। इस अवसर पर शुभम ठाकुर एवं उनके साथियों ने ड्राइंग में कुमारी काजल जिसने अपने हाथ द्वारा बनाई गई रानी परी की तस्वीर अपने हाथ में ली हुई है को प्रथम तथा मोहित को द्वितीय एवं पूजा को तृतीय स्थान पर आने के लिए सम्मानित किया। इसी प्रकार लड़कों की 100 मीटर रेस में बृजेश प्रथम अनिकेत द्वितीय तथा अरुण को तृतीय स्थान पर आने के लिए उपहार देकर सम्मानित किया। मेहंदी प्रतियोगिता में खुशी प्रथम अंजलि द्वितीय तथा मोहिनी तृतीय स्थान पर रही। लड़कियों की 100 मीटर रेस में शिवानी प्रतिज्ञा रेखा को सम्मानित किया गया विशेष तौर पर रंगोली की प्रतियोगिता में प्रथम स्थान चार लड़कियों ने मिलकर ग्रहण किया आकांक्षा प्रियंका रेशमा पूजा तथा द्वितीय स्थान पर अकेली पूजा ने तथा निशा एवं काजल ने तृतीय स्थान ग्रहण किया। राकेश यादव प्रॉपर्टी डीलर ने तथा पार्क में ड्यूटी पर कार्यरत एक पुलिस अधिकारी ने आज बच्चों को बिस्किट एवं अन्य खाने का सामान दिया। स्कूल संचालक नरेंद्र गुगनानी ने बताया कि आज भी लगभग 25 बच्चों के पैरों में चप्पल नहीं है जून-जुलाई की तपती गर्मी में भी बहुत बच्चे बिना चप्पल के आते हैं।