रणघोष अपडेट. रेवाड़ी
पिछले विधानसभा चुनाव में रेवाड़ी से भाजपा प्रत्याशी रहे सुनील यादव मुसेपुर ने विकास के नाम पर केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह पर हमला करने वाले पूर्व मंत्री कप्तान अजय सिंह यादव एवं पूर्व जिला प्रमुख सतीश यादव पर पलटवार किया है। सुनील यादव ने कहा कि 30 साल तक लगातार रेवाड़ी पर राज करने वाले कप्तान अजय सिंह यादव जनता को बताए कि उन्होंने शहर में ऐसा कौनसा काम किया है जिस पर वे गर्व महसूस कर सकें। उन्हें रेवाड़ी के विकास को लेकर बोलने का हक खो दिया है। इन सालों में किसका कितना विकास हुआ है यह जनता अच्छी तरह से समझ चुकी है। राव इंद्रजीत सिंह चटटान की तरह राजनीति करते हैं जो इलाके की भलाई के लिए किसी भी टकरा जाते हैं। कप्तान को यह हरगिज नहीं भूलना चाहिए कि जब हुडडा सरकार में रेवाड़ी की अनदेखी हो रही थी उस समय वे राव की शरण में चले गए थे। उस समय राव इंद्रजीत सिंह ने एक बड़े भाई की तरह उन्हें संभाल लिया था। आज वे राव को नसीहत दे रहे हैं। यही स्थिति पूर्व जिला प्रमुख सतीश यादव की है। जिसने उन्हें उंगली पकड़कर राजनीति करना सिखाया वे अब राव को बताएंगे क्षेत्र का विकास ऐसे होगा। सुनील यादव ने कहा कि दोनो राजनीति में अपना वजूद खत्म कर चुके हैं महज राव पर हमला करके खुद को जिंदा रखने का संघर्ष कर रहे हैं। वे अब अपने मंसूबे में कामयाब नहीं हो पाएंगे।