कांग्रेस ने केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी का कथित झूठ पकड़ने का दावा किया है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें स्मृति ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पर तीखा अटैक कर रही हैं, उसके जवाब में उसी वीडियो के साथ राहुल गांधी का वीडियो लगाया गया है। वीडियो का शीर्षक प्रोपेगेंडा (प्रचार) बनाम ट्रुथ (सच्चाई) है। कांग्रेस के सभी बड़े नेताओं और प्रवक्ताओं ने इसे ट्वीट किया है।स्मृति ईरानी ने शनिवार को बेंगलुरु में बीजेपी के जन स्पंदन कार्यक्रम में भाषण दिया था। पूरे भाषण में उन्होंने राहुल गांधी पर राजद्रोह का आरोप लगाया और उसी दौरान कहा – आज मैं कांग्रेस पार्टी से पूछना चाहती हूं कि आप कहते हैं कि आप यात्रा कर रहे हैं भारत को जोड़ने की। अरे, अगर कन्याकुमारी से चले तो कम से कम इतनी निर्लज्जता तो न दिखाते, स्वामी विवेकानंद जी को प्रणाम करके तो बताते, लेकिन वो भी राहुल गांधी को स्वीकार नहीं। कांग्रेस के उस वायरल वीडियो में राहुल गांधी को कन्याकुमारी में स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा के सामने प्रणाम करते दिखाया गया है। समाचार एजेंसी एएनआई ने 7 सितंबर को राहुल गांधी की कन्याकुमारी में यात्रा शुरू होने के मौके पर विवेकानंद मेमोरियल पर राहुल के जाने की फोटो और वीडियो जारी किया था। जिसमें वहां इस मौके पर तमाम स्थानीय कांग्रेस नेताओं की मौजूदगी में राहुल को वहां दिखाया गया है। तमिलनाडु के लोकल चैनलों ने भी राहुल के विवेकानंद मेमोरियल कार्यक्रम का प्रसारण किया था। भारत जोड़ो यात्रा में राहुल गांधी के साथ चल रहे तमाम यूट्यूबर्स ने भी विवेकानंद मेमोरियल के कार्यक्रम की वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाली थी। कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने इस वीडियो को स्मृति ईरानी को टैग करते हुए लिखा है – झूठ बहुत बोलती हैं, बार-बार पकड़ ली जाती हैं। दरअसल, इस वीडियो के जरिए गोवा के उस रेस्टोरेंट (सिली सोल्स) विवाद को फिर जिन्दा कर दिया गया है, जिस हाईकोर्ट के एक फैसले में कहा गया था कि स्मृति ईरानी या उनकी बेटी उस रेस्टोरेंट बार की मालिक नहीं हैं। लेकिन उस समय सोशल मीडिया पर अखबारों में छपे उस इंटरव्यू का जिक्र किया गया था, जिसमें उनकी बेटी इसे अपना रेस्टोरेंट बताया था। बाद में एक आरटीआई के जरिए अभी हाल ही में दावा किया गया कि सिली सोल्स कैफे बार में स्मृति ईरानी के पति जुबिन ईरानी की हिस्सेदारी है।युवक कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीवी श्रीनिवास ने वायरल वीडियो को शेयर करते हुए लिखा – चल झूठी, इतनी सिल्ली झूठ बोलते हुए शर्म नहीं आती।हिमाचल की प्रभारी और दिल्ली की कांग्रेस नेता अलका लांबा ने स्मृति ईरानी और उनके दफ्तर को टैग करते हुए लिखा है – भाई मैं टैग कर देती हूं सिली सोल बार वाली को। और फिर लिखा गया – चल झूठी कहीं की। पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस नेता रेणुका चौधरी ने स्मृति ईरानी का नाम लिए बिना कहा कि झूठ और धोखे की केंद्रीय मंत्री।