कोसली विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहरलाल से मुलाकात की तथा कोसली विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांवों के 4 व 5 करम के रास्तों को पक्का कराने, चौकी नंबर-1 के टोल नाका संख्या-54 को हटाए जाने समेत कोसली व रेवाड़ी की अनेक मांगों को पूरा करने की मांग की। मुख्यमंत्री ने कोसली विधायक को आश्वासन दिया कि विकास को लेकर कटिबद्ध प्रदेश सरकार क्रमबद्ध तरीके से सभी कार्यों को कराएगी।
कोसली विधायक ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि क्षेत्र के दौरों के दौरान ग्रामीणों द्वारा नई सडक़ें बनवाने बारे लगातार अनुरोध किया जा रहा है। गांवों के विकास व एक गांव को दूसरे से बेहतर संपर्क के लिए सडक़ों का निर्माण जरुरी है। इसलिए कोसली विस क्षेत्र के चार व पांच करम के सभी रास्तों को पक्का कराया जाए। उन्होंने बताया कि कोसली-पटोदी लोकल मार्ग पर चौकी नंबर-1 के सामने, दूसरा कुलाना के पास लुहारी में तथा तीसरा कोसली-नाहड़ मार्ग पर गुर्जरवास में टोल नाका लगा दिए गए हैं। गंगायचा जाट टोल प्लाजा पहले से ही है। जिसके चलते क्षेत्र के वाहन किसी भी ओर चले जाए, एक ही दिन में बार-बार टोल वसूला जा रहा है। यह सरासर अनुसूचित है, इसलिए चौकी नंबर-1 टोल नाका संख्या-54 को तत्काल प्रभाव से हटवाया जाए।
यादव ने कोसली क्षेत्र में जलापूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त बनाने के लिए माइनरों की मरम्मत व पुनर्निर्माण कराए जाने की भी मांग की है। उन्होंने बताया कि बास, दिवाना, बोहका व रामपुरी डिस्टीब्यूटरी के साथ-साथ मारनपुरा से ढाणी ठेठरबाढ की नहर का पुनर्निर्माण कराया जाए। कोसली विधायक ने मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार रेवाड़ी के ब्वॉयज कॉलेज के निर्माण को अमलीजामा पहनाए जाने का भी अनुरोध किया है।