जब प्रियंका ने बैरिकेड्स के ऊपर चढ़कर पुलिस घेरा तोड़ा…!

महंगाई, बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर प्रदर्शन के दौरान प्रियंका गांधी सुर्खियों में रहीं। ट्विटर पर शुक्रवार को वह छाई रहीं। मुख्य तौर पर उनकी तीन तसवीरें वायरल हुईं। वह पुलिस बैरिकेड्स के ऊपर चढ़कर पुलिस घेरा को पार करती दिखीं। एक जगह महिला पुलिसकर्मी प्रियंका को घसीटती हुई दिखीं। और एक जगह वह सड़क पर प्रदर्शन करती हुई दिखीं।प्रदर्शन के दौरान प्रियंका काली ड्रेस में नज़र आईं। दरअसल, कांग्रेस के अधिकतर नेता विरोध में काले कपड़े ही पहने नज़र आए। कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन को रोकने के लिए पुलिस ने रोड पर बैरिकेड्स लगाए थे। इस बीच एक वीडियो में प्रियंका बैरिकेड्स पार करती नज़र आईं। कांग्रेस ने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट किया है कि ‘कल राहुल गांधी ने कहा था कि सच को बैरिकेड नहीं किया जा सकता है और आज प्रियंका गांधी को पुलिस बैरिकेड नहीं रोक पाए’।बता दें कि महंगाई, जीएसटी दरों में बढ़ोतरी, बेरोज़गारी जैसे बड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस शुक्रवार को सड़क पर उतरी है। कांग्रेस सांसदों ने राष्ट्रपति भवन के लिए मार्च निकाला लेकिन उन्हें विजय चौक पर रोक लिया गया। इस मार्च में कांग्रेस की अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी सहित पार्टी के कई सांसद शामिल हुए। सोनिया और राहुल के साथ ही कांग्रेस के सांसद भी काले कपड़े पहन कर मार्च में शामिल हुए। पुलिस ने राहुल गांधी व अन्य कई सांसदों को हिरासत में ले लिया। दूसरी ओर कांग्रेस मुख्यालय पर भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी के नेतृत्व में प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री आवास तक मार्च करने का एलान किया था। दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस मुख्यालय के बाहर बड़ी संख्या में बैरिकेडिंग लगाई थी और जवानों को तैनात किया था। लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ता बैरिकेडिंग को तोड़कर आगे बढ़ गए। इसके बाद प्रियंका गांधी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इस मामले में कांग्रेस नेता श्रीनिवास बीवी ने एक वीडियो ट्वीट करते हुए लिखा है, ‘कुछ इस तरह मोदी-शाह की पुलिस ने प्रियंका गांधी को गिरफ़्तार किया…।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *